मोदी सरकार की नीतियों से बढ़ रही है देश टूटने की आशंका, जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार की मंशा और नीतियों के कारण देश के टूटने की आशंका बढ़ रही है।

Updated: Dec 22, 2022, 04:18 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बुधवार को केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार की मंशा और नीतियों के कारण देश के टूटने की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने ‘‘आर्थिक विषमता बढ़ने और धर्म, जाति और भाषा के आधार पर ध्रुवीकरण'' को बढ़ावा देने के लिए भी केंद्र सरकार की आलोचना की।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस से अक्सर पूछा जाता है कि जब देश को कोई तोड़ नहीं रहा, तो ‘भारत जोड़ो यात्रा' क्यों निकाली जा रही है। उन्होंने कहा, ‘मैं यह साफ तौर से कहना चाहता हूं कि देश के टूटने का स्पष्ट खतरा है। मोदी सरकार की नीतियों और मंशा के कारण भारत के टूटने की आशंका बढ़ रही है।'

यह भी पढ़ें: देश में हेल्थ इमर्जेंसी लगी हुई है क्या, दिग्विजय सिंह का केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से सवाल

जयराम रमेश ने कहा, ‘पहला यह कि आर्थिक विषमता बढ़ रही है... मुद्रास्फीति, बेरोजगारी, गलत तरह से जीएसटी लगाना, सत्ता का केंद्रीकरण, अर्थव्यस्था पर एक या दो पूंजीपतियों का नियंत्रण। आर्थिक विषमता बढ़ रही है और इसके कारण भारत के टूटने की आशंका भी बढ़ रही है।'

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि राजनीतिक तानाशाही अब एक वास्तविकता बन चुकी है और संविधान को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और सरकार एवं न्यायपालिका के बीच तनाव पैदा किया जा रहा है। रमेश ने प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि यात्रा किसी एक व्यक्ति के ‘मन की बात' नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा सभी संस्थाओं को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया जा रहा है।