आज मणिपुर इंसाफ मांग रहा है, लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोले गौरव गोगोई

मणिपुर इंसाफ मांग रहा है। अगर मणिपुर जल रहा है तो भारत जल रहा है। अगर मणिपुर विभाजित हुआ हो तो भारत विभाजित हुआ है: कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई

Updated: Aug 08, 2023, 12:35 PM IST

नई दिल्ली। विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने चर्चा की शुरुआत की है। विपक्ष की ओर से चर्चा की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव हम मणिपुर के लिए लेकर आए हैं। मणिपुर इंसाफ मांग रहा है। अगर मणिपुर जल रहा है तो भारत जल रहा है। अगर मणिपुर विभाजित हुआ हो तो भारत विभाजित हुआ है।

गौरव गोगोई ने कहा, 'हमारी मांग स्पष्ठ थी कि देश के मुखिया पीएम मोदी सदन में आए और मणिपुर मुद्दे पर अपनी बात रखें। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने मौत व्रत लिया और उन्होंने न ही लोकसभा में और ना ही राज्यसभा में बोला। हम जानना चाहते हैं कि पीएम मणिपुर क्यों नहीं गए? वे मणिपुर के मुद्दे पर चुप क्यों हैं? पीएम ने 80 दिन बाद चुप्पी तोड़ी और महज 30 सेकंड बोले।'

अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार से तीन सवाल पूछे:-

1. प्रधानमंत्री मोदीजी मणिपुर क्यों नहीं गए? जबकि राहुल गए, INDIA अलायंस के सांसद गए।

2.80 दिन क्यों लगे मणिपुर पर बोलने में? बोले तो सिर्फ 30 सेकंड बोले। आज तक संवेदना का कोई शब्द व्यक्त नहीं किया। प्रधानमंत्री होने के नाते उनके शब्दों का जो महत्व है, वो किसी मंत्री के शब्दों में नहीं है। शांति के कदम की शुरुआत PM करें तो वो अच्छा है, मंत्री के कदम में ये ताकत नहीं।

3.मणिपुर के मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया? गुजरात में जब राजनीति करनी थी तो एक बार नहीं दो बार सीएम बदले। उत्तराखंड में 3 बार बदला, त्रिपुरा में बदला। मणिपुर के सीएम को क्या विशेष आशीर्वाद है, जो खुद स्वीकार कर रहे हैं कि इंटेलीजेंस फेलियर हुआ।

गोगोई ने आगे कहा, 'पीएम मोदी को स्वीकारना होगा कि उनकी डबल इंजन सरकार फेल हो गई है। मणिपुर में सैकड़ों लोग मर गए, 50,000 लोग बेघर हो गए। सीएम को जो अमन का माहौल बनाना चाहिए था। सीएम ने बीते 2-3 सालों में ऐसे कदम लिए हैं जिससे समाज में तनाव पैदा हुआ है। मणिपुर में पहले भी हिंसा हुई है, उत्तर पूर्व के अन्य हिस्सों में भी हिंसा हुई है। हमने जाकर देखा कि समाज के दो वर्गों के बीच बंटवारा, एक दूसरे के प्रति इतना गुस्सा पहले कभी नहीं देखा। समाज का एक वर्ग दूसरे के प्रति बदले की भाषा बोल रहा है।'

कांग्रेस सांसद ने कहा, 'एक इंडिया बनाने की बात करने वालों ने मणिपुर को बांट दिया। मणिपुर में सबसे ज्यादा शिकार महिलाएं और बच्चे हुए हैं। वीडियो देखकर पूरा देश सन्न है। हमने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की है उन पर अत्याचार हुए हैं। हम ऐसे परिवार से मिले जिसमें 80 साल की महिला को जिंदा जला दिया गया, उसका परिवार स्वतंत्रता सेनानी का परिवार है। मणिपुर में आज इंटरनेट बंद है, स्कूल बंद हैं, आप कहते हैं ये सब सामान्य है।'