ट्विटर ने नियुक्त किया शिकायत निवारण अधिकारी, नए आईटी नियमों के तहत मासिक रिपोर्ट भी की जारी

विनय प्रकाश को ट्विटर ने अपने शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया, इससे पहले धर्मेंद्र चतुर के इस्तीफे के बाद जेरेमी केसेल को ट्विटर ने शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया था

Publish: Jul 11, 2021, 07:33 AM IST

नई दिल्ली। ट्विटर ने आखिरकार अपना शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त कर दिया है। ट्विटर ने भारत के नए आईटी नियमों के तहत भारत आधारित शिकायत निवारण अधिकारी की नियुक्ति कर दी है। विनय प्रकाश को ट्विटर ने भारत में अपना शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त किया है। 

इसके साथ ही ट्विटर ने नए आईटी नियमों के तहत अपनी मासिक रिपोर्ट भी जारी कर दी है। यह रिपोर्ट 26 मई से लेकर 25 जून तक की है, जिसमें ट्विटर ने बताया है कि शिकायत मिलने के बाद उसने अकाउंट्स पर कार्रवाई की है। नए आईटी नियमों के तहत भारत में 50 लाख से ज्यादा यूजर्स वाली सोशल मीडिया कम्पनियों को अपनी मासिक रिपोर्ट भी जारी करनी है। 

दरअसल नए आईटी नियमों का अनुपालन न करने के चलते ट्विटर भारत में अपना कानूनी संरक्षण खो चुका था। 26 मई से भारत में नए आईटी कानून लागू हो गए थे। जिसके बाद ट्विटर और भारत सरकार के बीच तकरार जारी थी। नए आईटी नियमों के कारण भारत सरकार ने ट्विटर को नोटिस भी भेजे। दूसरी तरफ देश के विभिन्न हिस्सों में ट्विटर और ट्विटर के इंडिया हेड मनीष माहेश्वरी के खिलाफ मुकदमे दायर किए जाने लगे। 

21 जून को धर्मेंद्र चतुर ने ट्विटर के शिकायत निवारण अधिकारी के पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद ट्विटर ने भारत आधारित शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त करने के बजाय कैलिफोर्निया के जेरेमी केसल को भारत में अपना शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त कर दिया। गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट में ट्विटर ने बताया कि वह जल्द ही भारत आधारित अपना शिकायत निवारण अधिकारी नियुक्त कर देगा। इसके साथ ही ट्विटर ने भारत में अपना संपर्क कार्यालय भी स्थापित करने की बात कही है।