सर्किट हाउस में सोते वक्त मंत्रीजी को चूहे ने काटा, सांप के डंसने की शंका में तबियत बिगड़ी

उत्तर प्रदेश के बांदा में योगी कैबिनेट के मंत्री गिरीश चंद्र को सोते वक्त सांप ने काट लिया, मंत्री को शंका हुआ कि उन्हें सांप ने काट लिया है और वे घबरा गए, रात के तीन बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां डॉक्टरों ने जब चूहे के काटने की पुष्टि की तब उनके जान में जान आई

Updated: May 02, 2022, 09:39 AM IST

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा में योगी सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव को रविवार देर रात चूहे ने काट लिया। मंत्री जी को शंका थी की उन्हें सांप ने काट लिया है और इसी बात को लेकर वे घबरा गए। घबराहट के कारण उनकी तबियत भी बिगड़ने लगी और रात के 3 बजे उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने जब चूहे के काटने की पुष्टि की तब उनके जान में जान आई।

दरअसल, योगी सरकार में युवा कल्याण एवं खेलकूद राज्यमंत्री गिरिश चंद्र दो दिवसीय दौरे पर बांदा पहुंचे थे। शनिवार-रविवार की रात वह सर्किट हाउस में रुम न. 6 में ठहरे थे। रविवार रात को सोते वक्त करीब दो-ढाई बजे के बीच मंत्री को दाहिनी हाथ की अंगुली में किसी के काटने का अहसास हुआ। उनकी नींद टूट गई। काटने का दर्द इतना तेज था कि मंत्री को यह शंका हो गई कि उनको सांप ने काटा है। इसी चिंता में उनकी तबीयत भी बिगड़ने लगी। 

मंत्री की तबीयत बिगड़ने के बाद रात को ही जिले के डीएम-एसपी समेत सभी अधिकारियों को उठाया गया। करीब तीन बजे सर्किट हाउस में सभी अधिकारी दौड़े-भागे चले आए और मंत्री जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सर्किट हाउस के आसपास घना जंगल होने के नाते सांप के डंसने की आशंका थी। डॉक्टरों ने करीब ढाई घंटे तक उनका इलाज किया।

यह भी पढ़ें: MP में अनोखी लव स्टोरी, पूर्व सरपंच ने एक ही मंडप में तीन प्रेमिकाओं से रचाया ब्याह

इसके बाद इस बात की पुष्टि हुई कि उन्हें उन्हें सांप ने नहीं, चूहे ने काटा है। यह बात जानकर मंत्री जी की जान में जान आई और वे तत्काल उठ खड़े हुए। इसके बाद अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कराया गया। प्रशासन ने अस्पताल में एंबुलेंस वगैरह के भी इंतजाम कर लिए थे, जिन्हें वापस लौटाया गया। 

बांदा जिला चिकित्सालय के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ एस.एन. मिश्रा ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि, 'आस-पास जंगल होने के चलते मंत्री जी को ऐसा लगा कि सांप ने काट लिया। तुरंत देर रात 3 बजे के आस-पास ही मंत्री जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जब पुष्टि हुई कि सांप ने नहीं, चूहे ने काटा है, तब जाकर सुबह 5 बजे के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई। सुबह भी चेकअप कराया गया, मंत्री जी तबीयत बिल्कुल ठीक है।'