कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का मैक्स अस्पताल में हुआ हर्निया का ऑपरेशन, डॉक्टरों की निगरानी में बीतेंगे दो दिन

विख्यात डॉक्टर प्रदीप चौबे ने किया दिग्विजय सिंह का ऑपरेशन, कहा दो दिन में ले सकेंगे संसद की कार्यवाही में भाग

Updated: Mar 15, 2022, 01:43 PM IST

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को सिंह ने यहां हर्निया का सफल ऑपरेशन कराया। फिलहाल वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और ख्यातिप्राप्त डॉक्टर प्रदीप चौबे की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

लैप्रोस्कोपिक एक्सपर्ट् डॉक्टर चौबे की टीम ने राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को हर्निया का ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी। डॉक्टरों की सलाह पर मंगलवार सुबह मैक्स में उन्होंने ऑपरेशन कराया। यहां विश्व प्रसिद्ध डॉक्टरों की टीम ने सुबह 9 बजे उनका ऑपरेशन शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद कांग्रेस नेता ऑपरेशन थिएटर से बाहर आ गए हैं लेकिन उन्हें अभी अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया गया है। 

दिग्विजय सिंह का इलाज कर रहे डॉक्टर प्रदीप चौबे ने बताया कि सिंह पूरी तरह से स्वस्थ हैं और 24 घंटे उनकी निगरानी में हैं। डॉ चौबे के मुताबिक सिंह कल तक पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे और संसद की कार्यवाही में शामिल भी हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली में नेता भी सुरक्षित नहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री से सरेआम फोन लूटकर भागे बदमाश

बता दें कि पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का ऑपरेशन करने वाले डॉ प्रदीप चौबे लैप्रोस्कोपिक और बैरियाट्रिक सर्जरी के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। डॉ चौबे 85 हजार से ज्यादा सफल ऑपरेशन कर चुके हैं और लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में उनका नाम दर्ज है। खास बात यह है कि डॉ चौबे का मध्य प्रदेश से भी नाता रहा है। उन्होंने मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज से पढ़ाई की है। और उनके पिता भी अविभाजित मध्य प्रदेश के चुनिंदा डॉक्टरों में शामिल रहे। 

डॉ चौबे कुछ वर्ष पहले दुनिया के सबसे वजनी बच्चे का ऑपरेशन कर सुर्खियों में आए थे। उन्होंने 237 किलो के एक 14 साल के बच्चे की सफल बैरियाट्रिक सर्जरी की थी। इस सर्जरी के बाद बच्चे का वजन 237 किलो से घटकर 172 किलो हो गया था। दिग्विजय सिंह को उनके समर्थकों और परिजनों ने जल्द स्वस्थ होने की दुआएँ और शुभकामनाएँ भेजी हैं।