Weather: पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश ने बढ़ाई ठंड

बारिश के कारण दिल्ली में प्रदूषण से कुछ राहत, केदारनाथ धाम पर हुई बर्फबारी के बीच कपाट 6 महीने के लिए बंद

Updated: Nov 16, 2020, 09:42 PM IST

Photo Courtesy: Amarujala
Photo Courtesy: Amarujala

दिल्ली के साथ यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड और राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ली है। कई इलाकों में जोरदार बारिश के साथ ओले भी गिरे। मैदानी इलाकों में हुई बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी की वजह से सर्दी बढ़ने लगी है। दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में रविवार शाम सर्दी के सीजन की पहली बारिश हुई। केदारनाथ धाम पर हुई बर्फबारी के बीच कपाट 6 महीने के लिए बंद कर दिए गए हैं। इसी के साथ बाबा केदार की डोली केदारनाथ से शीतकालीन गद्दीस्थल के लिए भेज दी गई।

मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली एनसीआर के आसापास के इलाकों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया था। बारिश ने दिल्लीवासियों को प्रदूषण से राहत देने का काम किया। हवा की गति तेज होने से भी प्रदूषण कम करने में मदद मिली है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों में हुई बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है। यूपी के नोएडा, अलीगढ़, आगरा समेत कई जिलों में बारिश हुई और कुछ जगह ओले गिरने की भी जानकारी मिली है। वहीं हरियाणा के हिसार समेत कई इलाकों में ओले देखने को मिले, जिससे ठंड बढ़ गई। यहां कई जगहों पर नजारा शिमला जैसा हो गया था।

पहाड़ी इलाकों में भी रविवार को बर्फबारी देखने को मिली। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू की पहाडि़यों में बर्फबारी होने से ठंड बढ़ गई। यमुनोत्री में भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के चलते उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ केदारनाथ में फंस गए।

राजस्थान के बारां और जयपुर में भी तेज आंधी और ओलावृष्टि हुई है। यहां घरों की छतों पर बर्फ की चादर बिछ गई। बारां में रविवार सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक रुक-रुककर बारिश हो रही थी। जयपुर में दोपहर होते-होते घने बादल छा गए और आंधी चलने लगी।