विकिपीडिया ने अक्साई चिन को बताया चीन का हिस्सा, भारत ने की नक्शा डिलीट करने की मांग

विवादित विकिपीडिया पेज जिसमें गलत नक्शा लगा है, उसमें भूटान-भारत संबंधों पर जानकारी दी गई है, केंद्र सरकार ने विकिपीडिया को कड़े शब्दों में पत्र जारी किया है

Updated: Dec 03, 2020, 03:04 PM IST

Photo Courtesy: Op India
Photo Courtesy: Op India

नई दिल्ली। विकिपीडिया ने अपने पेज पर अक्साई चिन के इलाके को चीन का हिस्सा दिखाया है। कंपनी के इस कारनामे पर भारत सरकार ने कड़ा एतराज़ जाहिर किया है। केंद्र सरकार ने विकिपीडिया से कहा है कि वह उस नक्शे को हटाए जिसमें अक्साई चिन को चीन का हिस्सा दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि सरकार ने इसे लेकर विकीपीडिया को सख्त शब्दों में लेटर जारी किया है।

दरअसल, विकिपीडिया के एक पेज पर भारत और भूटान के संबंधों की जानकारी दी गई है। इसी के अंदर यह गलत नक्शा लगाया गया है। इस मामले में गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने आईटी एक्ट की धारा 69A का इस्तेमाल किया है, जो सरकार को किसी जानकारी को पब्लिक एक्सेस से ब्लॉक करने का अधिकार देती है। सरकार का मानना है कि वेबसाइट पर पोस्ट किया गया कन्टेंट देश के खिलाफ है और हमारी संप्रभुता को चुनौती देने वाला है। 

इस मामले में विकिपीडिया फाउंडेशन की ओर से अबतक कोई बयान सामने नहीं आया है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब इस साल सरकार ने नक्शे को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने को लेकर शिकायत की है। इसके पहले सितंबर में सरकार ने ट्विटर को इसी तरह के नक्शा विवाद में नोटिस जारी किया था। ट्विटर पर लेह से लाइव वीडियो शेयर करते हुए जियोटैग में इसे चीन का हिस्सा दिखाया गया था। उस मामले में भी सरकार ने ट्विटर को फटकार लगाते हुए जवाब मांगा था कि क्यों ना उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। हालांकि ट्विटर ने जल्द ही इसे सुधार लिया था।

गौरतलब है कि विकिपीडिया को सबसे अधिक लोकप्रिय सूचना भंडारों में से एक माना जाता है। यह पेज सूचनाओं के संग्रह के लिए वॉलेंट्री बेस्ड मॉडल पर काम करता है। यह अन्य सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स से अलग है, जिन्हें हाल में ऐसे मुद्दों पर फटकार लगाई गई है। खास बात यह है कि विकिपीडिया पर गलत नक्शे का यह मुद्दा मंत्रालय के ध्यान में लाने का काम एक ट्विटर यूजर ने किया। उसने गृह मंत्रालय को टैग करते हुए वेबसाइट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद सरकार ने विकीपीडिया को कड़ा पत्र जारी किया है।