ख़ुशहाली नहीं नफ़रत में टॉपर देश बनने की तैयारी में है भारत: राहुल गांधी

दुनिया के खुशहाल देशों की सूची में 136वें नंबर पर आया भारत.. बांग्लादेश और पाकिस्तान के लोग भी भारतीयों से ज्यादा खुशहाल, फिनलैंड ने लगातार पाँचवीं बार किया टॉप

Updated: Mar 20, 2022, 02:28 AM IST

नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र की वर्ल्ड हैप्पीनेस रिपोर्ट में एक बार फिर भारत की हकीकत सामने आई है। दुनिया के सबसे खुशहाल देशों की सूची में भारत का 136वां स्थान है। रिपोर्ट के मुताबिक भारतीयों से ज्यादा खुश तो पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोग हैं। यूएन की ये रिपोर्ट सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि हम हेट इंडेक्स में टॉप करेंगे।

वर्ल्ड हैप्पीनेस इंडेक्स यानी विश्व प्रसन्नता सूचकांक 2022 यूएन की ओर से जारी किया गया है। इसमें कोविड-19 और विश्व की अन्य घटनाओं से लोगों पर पड़ने वाले असर पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक खुशहाल देशों की सूची में जहां फिनलैंड टॉप पर है, वहीं भारत नीचे से 11वें नंबर पर है। कुल 146 देशों की सूची में 136वें नंबर है। हालंकि, 2021 के मुकाबले इस बार तीन पायदान का सुधार हुआ है। एक साल पहले भारत 139वें स्थान पर था।

यह भी पढ़ें: द कश्मीर फाइल्स पर यह क्‍या कह गए एमपी के आईएएस

रिपोर्ट के मुताबिक भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान, बांग्लादेश और चीन के लोग भारतीयों से ज्यादा खुश हैं। इस सूची में पाकिस्तान 121वें पायदान पर है। जबकि बांग्लादेश और चीन क्रमश: 94वें एवं 72वें स्थान पर हैं। तालिबान शासित अफगानिस्तान के लोग अपने जीवन से सबसे अधिक अप्रसन्न हैं। अफगानिसतान को लिस्ट में अंतिम पायदान पर जगह मिली है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद केंद्र सरकार को अप्रत्यक्ष रूप से निशाने पर लिया है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'भूख की सूची में 101वां स्थान, स्वतंत्रता की सूची में 119वां स्थान, प्रसन्नता की सूची में 136वां स्थान। लेकिन हम जल्द ही नफरत और गुस्से के सूची में सबसे ऊपर हो सकते हैं।'

हैप्पीनेस इंडेक्स के टॉप टेन देशों की सूची देखें तो फिनलैंड के बाद दूसरे स्थान पर डेनमार्क, तीसरे पर आइसलैंड, चौथे पर स्विटजरलैंड, पांचवें स्थान पर नीदरलैंड्स, लक्जमबर्ग को छठा स्थान, स्वीडन को सातवां, नॉर्वे को आठवां, इज़राइल को नौंवे और न्यूजीलैंड को दसवें स्थान पर रखा गया है। इस सूची में अमेरिका को 16वां स्थान मिला है।