दुल्हन की मेहंदी भी कर रही किसान आंदोलन का समर्थन, वायरल हो रही तस्वीरें

कृषि क़ानूनों के खिलाफ जारी किसान आंदोलन के समर्थन का अनोखा अंदाज़, शादी की मेहंदी से लेकर बारात तक दिख रहा असर

Updated: Dec 25, 2020, 04:28 PM IST

Photo Courtesy: Facebook
Photo Courtesy: Facebook

दिल्ली बॉर्डर पर देश के लाखों किसान मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं, तो उनके समर्थन भी नए-नए ढंग से अन्नदाता का हौसला बढ़ाने में जुटे हैं। इसके लिए लोग नए-नए तरीके आजमा रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसी कई तस्वीरें वायरल हो रही हैं। बीते एक महीने के दौरान कहीं शादी की मेहंदी में किसान आंदोलन की झलक देखने को मिली, तो कहीं दूल्हे ने किसान आंदोलन के समर्थन में किसानों का झंडा लेकर बारात निकाली। पंजाब के एक किसान ने अपनी महंगी लक्जरी गाड़ी छोड़कर ट्रैक्टर की सवारी की और किसानों का समर्थन अपने अंदाज में किया।

हाल ही में किसान नेता केदार शंकर सिरोही ने अपने फेसबुक अकाउंट में एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि ‘दुल्हन के हाथ की मेहंदी में किसान आंदोलन आ गया है’। अब सरकार और सरोकार रखने वाले किसानों की बात मानना चाहिए। इसी के साथ उन्होंने एक हाथ की तस्वीर शेयर की है, जिसमें मेहंदी से लिखा है ‘सपोर्ट इंडियन फार्मर’। स्लोगन के साथ ही उस हाथ पर मेहंदी से आंदोलनरत किसान को बड़ी खूबसूरती से उकेरा गया है। वहीं खेतों को दिखाते हुए फसल की डिजाइन भी खूबसूरत नजर आ रही है। 

 

 

पंजाब के मुक्तसर साहिब में एक दूल्हे ने अपने हाथ पर मेहंदी से किसान एकता जिंदाबाद लिखवाकर किसान आंदोलन का समर्थन किया था। इतना ही नहीं बारात में जाने वाली गाड़ियों पर भी किसान यूनियन के झंडे लगवाए गए थे। दूल्हा किसान आंदोलन का समर्थक है। ऐसे में उसने अपनी शादी और आंदोलन दोनों को यादगार बनाने के लिए मेहंदी से किसान आंदोलन का समर्थन किया।

पंजाब के ही भवानीगढ़ हलके के एक गांव की शादी में किसान आंदोलन का रंग देखने को मिला। यहां अनोखी बारात निकली जिसमें दूल्हा समेत सभी बाराती किसान यूनियन का झंडा लेकर शादी में पहुंचे। बारातियों का कहना था कि किसान आंदोलन का असर पूरे देश में हो रहा है। पंजाब के किसान इस आंदलोन में तन मन से शामिल हैं। हम किसान अपने हक की लड़ाई पूरी शिद्दत से लड़ेंगे।

किसान आंदोलन के समर्थन में हरियाणा के करनाल में भी एक दूल्हा अपनी शादी में ट्रैक्टर पर सवार होकर ससुराल पहुंचा। बारात के लिए फूलों से सजी महंगी गाड़ी छोड़कर उसने ट्रैक्टर पर अपनी बारात निकाली, और अपनी दुल्हन को लिवाने उसके दरवाजे पर पहुंचा। उसका कहना था कि किसान इस देश की सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं। किसानों की बातें सरकार को दिल खोलकर सुनना चाहिए।

दूल्हे का कहना है कि वह किसान परिवार से है, इसलिए उनकी परेशानी समझता है, वह हर हाल में अपने किसान भाइयों के साथ खड़ा है।

ये चंद तस्वीरें हैं जो दिखाती हैं कि किसान आंदोलन को किस प्रकार लोगों का समर्थन मिल रहा है।