MP Politics : पार्टी मुख्यालय पर BJP का प्रदर्शन

कमलनाथ का पुतला दहन में भोपाल बीजेपी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए

Publish: Jun 29, 2020, 02:46 AM IST

मध्यप्रदेश बीजेपी के नेताओं ने रविवार को राजधानी भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर कांग्रेस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में सात नंबर पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला जलाया गया। विरोध प्रदर्शन में भोपाल बीजेपी के जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को चीनी एजेंट बताया है।

चीनी सीमा पर हुए हिंसक झड़प ने मध्यप्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। प्रदेश के 24 सीटों पर होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के पहले दोनों पार्टियां (बीजेपी और कांग्रेस) चीन के मुद्दे पर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है। इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कमलनाथ को चीनी बता विवाद को और तूल दे दिया है। रविवार को शर्मा के नेतृत्व में भारी संख्या में बीजेपी कार्यकताओं ने भोपाल स्थित पार्टी मुख्यालय पर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर पूर्व मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया है। 

हालांकि कांग्रेस ने इसे बीजेपी का षड्यंत्र और दुष्प्रचार बताया है। मामले पर अब कांग्रेस इन नेताओं के खिलाफ कोर्ट जाने की तैयारी में है। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कमलनाथ के हवाले से कहा है कि विगत कुछ दिनों में उनके विरुद्ध भाजपा लीडर्ज़ के द्वारा जो भ्रामक दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है ऐसे व्यक्तियों, संस्थाओं और समाचार पत्र के विरुद्ध शीघ्रातिशीघ्र गंभीर कानूनी करवाई की जाएगी।