Rajya Sabha Election : MP में वोटिंग पूरी, कुणाल चौधरी ने PPE Kit पहन डाला वोट

मध्य प्रदेश में कांग्रेस से दिग्विजिय सिंह और भाजपा से ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया के जीतने के आसार, दूसरी सीट पर मुकाबला

Publish: Jun 20, 2020, 12:31 AM IST

देश के आठ राज्यों से राज्यसभा की 19 सीटों के लिए आज 9 बजे से मतदान शुरू हुआ। मध्यप्रदेश, गुजरात,और राजस्थान में बीजेपी और कांग्रेस के बीच करीबी मुकाबला होने की संभावना है।

मध्‍य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए आज सुबह नौ बजे से मतदान शुरू हुआ। दोपहर 1.30 बजे तक सभी 206 विधायकों ने मतदान कर दिया था। मतदान शुरू होने के बाद पहले घंटे में 64 विधायकों ने वोट कर दिया था। दो घंटे बाद तक कुल 142 वोट डाले जा चुके थे। कोरोना संक्रमित विधायक  कुणाल  चौधरी ने पीपीई किट पहन कर अंतिम वोट डाला। मतगणना शाम 5 बजे से आरंभ होगी।

राज्यसभा (Rajya Sabha Elections) की 19 सीटों में आंध्रप्रदेश और गुजरात से चार-चार, मध्यप्रदेश और राजस्थान से तीन-तीन, झारखंड से दो और मणिपुर, मिजोरम और मेघालय से एक-एक सीट पर चुनाव होगा। मध्‍य प्रदेश में कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में हैं। भाजपा की ओर से ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुमेर सिंह सोलंकी मैदान में हैं। वहीं दोनों दलों के विधायकों की संख्या को देखते हुए दो सीट पर भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जाना तय माना जा रहा है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्‍यमंत्री और वरिष्‍ठ नेता दिग्विजय सिंह को प्राथमिक उम्‍मीदवार बनाया है। उन्‍हें जीत के लिए 52 विधायकों के वोट चाहिए। भाजपा ने ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया को प्राथमिक सदस्‍य बनाया है। 

कोरोना संक्रमण में सोशल डिस्‍टेंस बनाए रखने के लिए पहली बार विधानसभा परिसर के सेंट्रल हॉल में मतदान होगा। विधानसभा में विधायकों और उम्मीदवारों के अलावा किसी अन्य के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया है। विधायकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में लिखित में जानकारी ली जाएगी। हर विधायक को स्वास्थ्य जांच से गुजरना होगा। मतदान करने आने वाले विधायकों की गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। शरीर का तापमान सामान्य होने के बाद ही परिसर में प्रवेश दिया जाएगा। 

कांग्रेस विधायक बस में सवार हो कर विधानसभा पहुंचे।

कुणाल चौधरी का वोट सबसे अंत में

कोरोना पॉजिटिव कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी पीपीई किट में मतदान के लिए सबसे अंत में पहुंचे। इनका मतपत्र भी अलग लिफाफे में रखा गया है। इसे गिनती में सबसे अंत में शामिल किया जाएगा।

राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डाला पहला वोट

राजस्थान में भी राज्यसभा की 3 सीटों के लिए मतदान जारी है।कांग्रेस की ओर से सबसे पहला वोट मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने डाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित 90 विधायक वोट डाल चुके हैं।