MS Dhoni: धोनी एक बार फिर दिख सकते हैं नीली जर्सी में

BCCI: बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को फेयरवेल मैच देने की संभावना जताई

Updated: Aug 20, 2020, 08:30 AM IST

photo courtesy : sportskeeda
photo courtesy : sportskeeda

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सफलतम कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी की एक बार फिर वापसी करने की अटकलें तेज़ हो गई हैं। जबसे धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है, क्रिकेट प्रेमियों को उनके फेयरवेल मैच को न देख पाना खटक रहा है। न सिर्फ दर्शक बल्कि क्रिकेट जगत और तमाम क्षेत्रों में उनके प्रशंसक उनको सम्मान जनक विदाई देने की वकालत कर रहे हैं। धोनी के प्रशंसकों की यह मांग है कि पूरा देश अपने हीरो को एक बार फिर क्रिकेट के मैदान में भारतीय टीम की जर्सी पहने देखना चाहता है। 

खबर है कि धोनी के प्रशंसकों और तमाम क्रिकेट प्रेमियों की यह मुराद पूरी हो सकती है। दरअसल विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा है कि बोर्ड धोनी को विदाई मैच खिलाने पर विचार कर रहा है। और इसके लिए इस बोर्ड जल्द धोनी से बात कर सकता है।  

खबरों की मानें तो बीसीसीआई के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई  से धोनी के फेयरवेल मैच पर कहा है कि  ‘‘फिलहाल भारतीय टीम की कोई इंटरनेशनल सीरीज नहीं है। आईपीएल के बाद हम इस पर विचार कर सकते हैं, क्योंकि धोनी ने भारत के लिए अविस्मर्णीय योगदान दिया है। वे प्रत्येक सम्मान के हकदार हैं। हम हमेशा से ही धोनी के लिए एक फेयरवेल मैच कराना चाहते थे, लेकिन धोनी एक अलग किस्म के खिलाड़ी हैं।उनके दिमाग में क्या चलता है उसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। धोनी ने अचानक रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया। कोई भी यह नहीं सोच सकता था कि वे ऐसा फैसला ले लेंगे।’’

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इस फैसले के बाद खेल जगत के कई दिग्गज और धोनी के फैंस बीसीसीआई से  उनके  लिए एक फेयरवेल मैच  मांग कर रहे हैं।