MP के 34 जिलों में बारिश और 7 में ओलावृष्टि का अलर्ट, 13 जनवरी से पड़ेगी कड़ाके की सर्दी
पड़ोसी राज्य राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रेरित चक्रवात सक्रिय हो गया है। जिसके कारण मध्य प्रदेश के मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया है।
भोपाल। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया है। कड़ाके की ठंड के बीच अब प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश होगी। इसके साथ ही कई स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। मध्य प्रदेश में 11 और 12 जनवरी को 34 जिलों में बारिश और 7 में ओलावृष्टि का अलर्ट है।
मौसम विभाग के मुताबिक नर्मदापुरम, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, हरदा, बैतूल और बुरहानपुर में शनिवार को ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, 13 जनवरी से तेज सर्दी का तीसरा दौर फिर से आएगा। पड़ोसी राज्य राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रेरित चक्रवात सक्रिय हो गया है। जिसके कारण मध्य प्रदेश के मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया है।
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ओले-बारिश का अलर्ट है। इस दौरान दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन सिस्टम के आगे जाने के बाद ठंड का असर बढ़ जाएगा। 13 जनवरी से फिर से पारा लुढ़क जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघलने से ठंड का असर बढ़ेगा। वहीं, हवा की रफ्तार भी बढ़ेगी। शुक्रवार को जेट स्ट्रीम (वायु मंडल में धरती की सतह से काफी ऊंचाई पर बहने वाली हवा) की रफ्तार 250 किमी प्रतिघंटा तक रही।
प्रदेश के कई शहरों में शुक्रवार को दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार को भोपाल में दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री, इंदौर में 27.2 डिग्री, ग्वालियर में 21.5 डिग्री, उज्जैन में 28 डिग्री और जबलपुर में पारा 24.8 डिग्री रहा।
इकलौता हिल स्टेशन पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 2.3 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला में 3.5 डिग्री, अमरकंटक में 4.8 डिग्री रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, इंदौर में 9.8 डिग्री, ग्वालियर में 6 डिग्री, उज्जैन में 9.5 डिग्री और जबलपुर में 6.2 डिग्री दर्ज किया गया।