Chhattisgarh : दंतेवाड़ा में चार इनामी सहित 18 नक्सलियों का सरेंडर

ऐसा पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, जिन पुलों को तोड़ा अब उन्‍हें ही बनाएँगे

Publish: Jul 02, 2020, 06:02 AM IST

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला दंतेवाड़ा में 18 नक्सलियों ने कलेक्टर और एसपी के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें चार इनामी व एक महिला नक्सली भी शामिल हैं। ऐसा पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों ने कलेक्टर के समक्ष सरेंडर किया है। इस दौरान सभी को सरकार की तरफ से 10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि भी दी गयी।

बताया गया है कि ये नक्सली सड़क काटने, पूल तोड़ने, विस्फोटक लगाने जैसे आदेशों से तंग आ गए थे। जिला कलेक्टर ने कहा है कि बर्बाद किए गए पुलों व सड़कों को यही लोग अब जिला प्रशासन के सहयोग से बनाएंगे। प्रशासन उन्हें संसाधन उपलब्ध कराने के साथ-साथ आगे भी रोजगार देगा। 

जबरन नक्सलियों ने किया था शामिल

रिपोर्ट्स के मुताबिक सरेंडर करने वाले इन लोगों को तकरीबन चार साल पहले नक्सलियों द्वारा जबरन गांव ले जाया गया था। इसके बाद से इनसे सड़क काटने व पूल तोड़ने जैसे काम करवाए जाते थे। इससे तंग आकर येे लोग आंध्र प्रदेश भाग गए थे। वहां इन्होंने बोर गाड़ी का काम करना शुरू कर दिया था लेकिन नक्सलियों ने वहां भी इन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। इसके बाद इन्होंने सरेंडर करने का निर्णय लिया और घर लौट आए। 

प्रशासन का करेंगे सहयोग

कलेक्टर के सामने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों मेें एक-एक लाख रुपए के इनामी तेलाम भीमा औरतेलाम चैतू, संतू कुंजाम और मंगल भास्कर शामिल हैं। इस अवसर पर कलेक्टर दीपक सोनी ने कहा कि, 'अब जो पुल और सड़कें तोड़ी हैं, उनको तुम ही लोग बनाओ। प्रशासन इसके लिए संसाधन उपलब्ध कराएगा। साथ ही हम भविष्य में रोजगार भी देंगे।'

8 लाख का इनामी प्लाटून कमांडर गिरफ्तार

प्रदेश के राजनांदगांव में एक 8 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात को छुरिया के कटेंगा गांव में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान प्लाटून कमांडर डेविड जो 8 लाख का इनामी है घायल हो गया था। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपेरशन के दौरान सुरक्षाबलों ने डेविड को उसके हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है।