बीजापुर में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, सुरक्षा बल के 5 जवान शहीद

तर्रेम क्षेत्र के सिलगेर के जंगल में हुई मुठभेड़ हुई,जहां 5 जवान शहीद हो गए हैं।

Updated: Apr 03, 2021, 10:21 AM IST

photo courtesy: news18
photo courtesy: news18

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई है। मुठभेड़ के दौरान 5 जवान शहीद हुए हैं।इसमें से 4 सीआरपीएफ के तथा 1 डीआरजी के जवान हैं।एक महिला नक्सली सहित 3 अन्य नक्सलियों के मारे जाने की ख़बर है।  आधिकारिक रूप से पुष्टि बीजापुर एसपी कमल लोचन कश्यप ने की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तर्रम थाना से सीआरपीएफ कोबरा बटालियन और ज़िला पुलिस बल के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान सिलगेर के जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवानों की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई ।

वहीं दूसरी ओर गंगालूर क्षेत्र के चेरपाल के पास मोदीपारा में सीआरपीएफ 85 बटालियन के जवानों ने 8 किलो का IED विस्फोटक बरामद किया है। नक्सलियों ने इसे जवानों को निशाना बनाने के लिए प्लांट किया था। यह विस्फोटक जवानों ने शनिवार सुबह करीब 7.30 बजे बरामद किया है। इसके बाद इसे विस्फोट कर नष्ट कर दिया गया।

गौरतलब है करीब 10 दिन पहले 23 मार्च को नक्सलियों ने नारायणपुर जिले में डीआरजी  जवानों से भरी बस में ब्लास्ट कर दिया था।इस हमले में 5 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 14 घायल हुए थे। ब्लास्ट के दौरान बस में 24 जवान सवार थे। सूचना मिलते ही बैकअप फोर्स को मौके पर रवाना कर किया गया था। सभी जवान एक ऑपरेशन में शामिल होने के बाद कैम्प लौट रहे थे।