छत्तीसगढ़ में 10 दिन के लिए बढ़ा लॉकडाउन, बलौदा बाज़ार में 6 मई तक रहेगी पाबंदी

छत्तीसगढ़ में 28 ज़िले में से 26 जिलों में लॉकडाउन बढ़ाया गया है। छत्तीसगढ़ कोरोना हॉटस्पॉट बना हुआ है।

Updated: Apr 26, 2021, 10:43 AM IST

Photo courtesy: pti
Photo courtesy: pti

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना की रफ्तार को देखते हुए लॉकडाउन का समय बढ़ा दिया गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के 26 ज़िलों में 5 से 6 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का सरकार ने फैसला किया है। इनमें रायपुर, दुर्ग, बालोद, महासमुंद, बेमेतरा, धमतरी, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव, कोरबा, सूरजपुर, अंबिकापुर, बलरामपुर और जशपुर में 5 मई सुबह तक लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ाई गई है। वहीं बलौदाबाजार जिले में भी 6 मई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है, इस दौरान फल, सब्जी विक्रेताओं को सुबह 6 से दोपहर 2 बजे डोर टू डोर जाकर बेचने की अनुमति दी गई है। बस्तर, जगदलपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर समेत प्रदेश के सभी जिलों में पाबंदियां बढ़ा दी गई है।

 ज़िला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान स्थानीय ऑनलाइन दुकानों और ई कॉमर्स सेवाओं को सामान घर पहुंचाने की अनुमति दी गई है। जिला प्रशासन ने अपने आदेश में कहा है कि इस व्यवस्था में शामिल सभी व्यक्तियों को नियमित अंतराल में कोविड-19 की जांच करवाना होगा तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों को टीकाकरण करवाना होगा।

आदेश के अनुसार लॉकडाउन के दौरान शराब दुकानें, रेस्त्रां, धार्मिक, सांस्कृतिक पर्यटन स्थल, केंद्रीय और निजी कार्यालय बंद रहेंगे लेकिन अत्यावश्यक सेवाओं को इससे छूट दी गई है। वहीं, बैंकों को कम कर्मचारियों के साथ सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है।

गौरतलब है प्रदेश भर में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 190 मौतों हुई हैं। पिछले दो दिनों में रोजाना 200 से अधिक मौतें हो रही थीं। 24 अप्रैल को प्रदेश में 203 लोगों की जबकि 23 अप्रैल को 219 लोगों की मौत हुई। प्रदेश में कोरोना से मृत्यु दर 1.1% बनी हुई है। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या 1,23,835 हो गई है। रविवार को 11,223 लोग ठीक होकर घर गए। प्रदेश में अब तक 5,21,217 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।