अमेरिका में मंदी की आशंका से सहमा शेयर बाजार, सेंसेक्स में 400 पॉइंट की गिरावट, निफ्टी भी लुढ़का

अमेरिकी बाजार में भारी बिकवाली और एशियाई शेयरों के औधे मुंह गिरने के बाद के बाद भारतीय बाजार भी कमजोर खुले। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

Updated: Mar 11, 2025, 01:40 PM IST

अमेरिका में मंदी की आशंका और वैश्विक अनिश्चितता के चलते आज भारतीय शेयर बाजार में भी आज यानी 11 मार्च को गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी बाजार में भारी बिकवाली और एशियाई शेयरों के औधे मुंह गिरने के बाद के बाद भारतीय बाजार भी कमजोर खुले। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। शुरुआती ट्रेड में सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंक टूट गया, जबकि निफ्टी 22,400 के नीचे फिसल गया।

भारतीय शेयर बाजार में प्री-ओपनिंग सेशन में ही गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 350 अंकों की कमजोरी के साथ 73,743.88 पर खुला, जबकि निफ्टी 22,350 के नीचे फिसल गया। शुरुआती कारोबार में यह गिरावट और तेज हो गई। सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 422 अंकों की गिरावट के साथ 73,692.85 पर और निफ्टी 142 अंकों की कमजोरी के साथ 22,317.65 पर कारोबार कर रहा था।

यह भी पढ़ें: स्टॉक मार्केट फ्रॉड मामले में पूर्व SEBI चीफ माधबी बुच की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट ने दिए FIR दर्ज करने के आदेश

शुरुआती कारोबार में आईटी, मीडिया और प्राइवेट बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई। हालांकि, ऑयल एंड गैस और रियल एस्टेट सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। सेंसेक्स के टॉप लूजर्स में इंडसइंड बैंक, इन्फोसिस, जोमैटो, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, टीसीएस (TCS), पावरग्रिड, एनटीपीसी और बजाज फाइनेंस शामिल हैं।

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंदी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद अमेरिकी बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। अमेरिकी शेयर बाजार में सोमवार को डाउ जोंस (Dow Jones), एसएंडपी 500 (S&P 500) और नेस्डेक (Nasdaq) सभी लाल निशान में बंद हुए, जिससे भारतीय निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार को डाउ जोंस 890 अंक गिरकर बंद हुआ। वहीं, एसएंडपी 500 में 2.7% और नेस्डेक में 4% की गिरावट दर्ज की गई। नेस्डेक के लिए यह 2022 के बाद की सबसे बड़ी एक दिन की गिरावट थी।