अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने सपा नेता फ़हद अहमद संग की कोर्ट मैरिज, एंटी CAA प्रोटेस्ट के दौरान मिले थे दोनों कपल
बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने ट्विटर पर लिखा- पहले हम दोस्त बने और फिर हम दोनों एक दूसरे को मिल गए.. 6 जनवरी 2023 को हुई शादी के बाद आज पहली बार उनकी तस्वीर सामने आयी है, जिसमें वे पति का हाथ थामे चल रही हैं

मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने शादी कर ली है। उन्होंने एक ट्विटर पोस्ट के माध्यम से इस बात का ऐलान किया है। स्वरा ने एक वीडियो जारी कर बताया है कि उन्होंने 6 जनवरी को समाजवादी पार्टी के युवा नेता फहद अहमद के साथ कोर्ट मैरिज कर लिया। अभिनेत्री ने बताया कि वे दोनों पहली बार एंटी CAA प्रोटेस्ट के दौरान मिले थे।
स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया है, उसके साथ उन्होंने लिखा, “कभी कभी आप किसी चीज को खुद से दूर तलाशते हैं, लेकिन वो चीज आप सबके पास ही होती है। हम प्यार की तलाश कर रहे थे, लेकिन पहले हम दोस्त बने और फिर हम दोनों एक दूसरे को मिल गए। मेरे दिल में तु्म्हारा स्वागत है फहद अहमद। ये अस्तव्यस्त है, लेकिन आपका है।” एक्ट्रेस ने आगे रेड हार्ट इमोजी भी ड्रॉप की है।
स्वरा ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उनके और फहद के पुराने वीडियो क्लिप चल रहे हैं। दोनों प्रोटेस्ट में भाषण देते नजर आ रहे हैं। वीडियो के मुताबिक दोनों की प्रेम कहानी की शुरुआत प्रोटेस्ट के दौरान ही हुई थी। वीडियो में आगे दिखता है कि व्हाट्सएप के जरिए फहद स्वरा को मार्च 2020 में अपनी बहन की शादी में आने की दावत देते हैं। जिसपर स्वरा कहती हैं, “यार मजबूर हूं, शूट से नहीं निकल पाऊंगी। इस बार माफ करो दोस्त। कसम है तुम्हारी शादी में जरूर आऊंगी।” लेकिन अब स्वरा ने फहद से ही शादी रचा ली।
Sometimes you search far & wide for something that was right next to you all along. We were looking for love, but we found friendship first. And then we found each other!
— Swara Bhasker (@ReallySwara) February 16, 2023
Welcome to my heart @FahadZirarAhmad It’s chaotic but it’s yours! pic.twitter.com/GHh26GODbm
स्वरा के पति फहद अहमद छात्र नेता और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वह इंस्टाग्राम पर अपने बायो में लिखते हैं कि वह समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के स्टेट प्रेसिडेंट हैं। उन्होंने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस से पढ़ाई की है। वे स्टूडेंट यूनियन के जनरल सेक्रेटरी भी रह चुके हैं। फहद ने पिछले साल जुलाई में समाजवादी पार्टी का दामन थामा था। वह यूपी में बरेली के रहने वाले हैं। 2 फरवरी 1992 को बहेरी में जन्मे फहद ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और फिर समाजिक कार्यकर्ता के तौर पर काम करना शुरू कर दिया।
फहद अहमद साल 2017-18 में पहली बार उस वक्त सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (TISS) में एससी-एसटी और ओबीसी स्टूडेंट्स की फीस बढ़ोतरी के खिलाफ प्रोटेस्ट किया था, जिसमें करीब 1000 से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। इस प्रोटेस्ट को प्रकाश अंबेडकर जैसे नेताओं का समर्थन भी मिला था। फहद अहमद ने CAA के खिलाफ भी मुंबई में प्रोटेस्ट निकाला था और इसे असंवैधानिक करार देते हुए अगस्त क्रांति मैदान में धरना दिया था।