हॉर्मूज स्ट्रेट में डूबा एक और भारतीय जहाज, 14 क्रू मेंबर्स को कोस्टगार्ड ने बचाया

हाजी अली नाम का जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उससे कोई ड्रोन या मिसाइल जैसा हथियार टकरा गया। इसके बाद इस मालवाहक जहाज में आग लग गई और यह डूब गया।

Updated: May 14, 2026, 02:29 PM IST

अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट में हुई ताजा झड़प में एक और भारतीय मालवाहक जहाज गोलीबारी की चपेट में आ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक हाजी अली नाम का जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उससे कोई ड्रोन या मिसाइल जैसा हथियार टकरा गया। इसके बाद इस मालवाहक जहाज में आग लग गई और यह डूब गया।

राहत की बात ये है कि ओमान कोस्टगार्ड ने सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया। गुजरात के द्वारका निवासी और जहाज मालिक सुलतान अहमद अंसार ने बताया कि MSV हाजी अली जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह जा रहा था। सुबह करीब 3:30 बजे ओमान के समुद्री तट के पास जहाज हादसे का शिकार हो गया।

क्रू मेंबर्स ने बताया कि जहाज से किसी विस्फोटक जैसी चीज के टकराने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद जहाज में आग लग गई। हालात बिगड़ने पर सभी 14 क्रू मेंबर्स ने लाइफ बोट की मदद से जहाज छोड़ा। इससे पहले 7 मई को होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहा गुजरात के द्वारका का एक और मालवाहक जहाज MSV AL फैज नूरे सुलेमानी-I भी अमेरिका और ईरान नेवी के बीच फायररिंग का शिकार हुआ था।

इस घटना में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि जहाज पर मौजूद चालक दल के 17 सदस्यों को रेस्क्यू किया गया है। मृतक नाविक गुजरात के द्वारका जिले के जाम सलाया कस्बे का रहने वाला था, जो दुबई से यमन के लिए माल लेकर निकला था।