राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: 8 आरोपियों के घर पुलिस की छापेमारी, पड़ोसियों से भी हो रही पूछताछ
पुलिस इन आरोपियों द्वारा खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाल रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
अयोध्या। राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बीजेपी और RSS की चौतरफा फजीहत हो रही है। इस घटना को लेकर देशभर में रामभक्तों में आक्रोश है। मामला तूल पकड़ने के बाद अब जांच एजेंसियां भी हरकत में आईं हैं। इस मामले में जेल में बंद 8 आरोपियों के घर पर रविवार सुबह 7 बजे पुलिस ने छापेमारी की।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस की 8 टीमों ने एक साथ, एक ही वक्त पर आरोपियों के घर पर दबिश दी। इस दौरान 3-4 आरोपियों के घर पर ताला लगा था। पुलिस ने पड़ोसियों से सवाल-जवाब किए। बाकी आरोपियों के परिवार के लोगों से पूछताछ की। छापेमारी के दौरान रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के घर पर ताला लगा मिला। हालांकि, कुछ देर बाद टिन्नू की मां मौके पर पहुंची और ताला खोला।
पुलिस टिन्नू के घर से थोड़ी दूरी पर उसके भतीजे व आरोपी मनीष यादव के घर पहुंची तो वहां भी ताला लगा था। वहीं, तीसरे आरोपी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के घर पर भी कोई नहीं मिला। बाहर ताला लगा था। उधर, आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात है। अंदर छापेमारी चल रही है।
पुलिस इन आरोपियों द्वारा खरीदी गई संपत्तियों के दस्तावेज और बैंक अकाउंट डिटेल खंगाल रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। छापेमारी में राजस्व अधिकारियों खासकर लेखपालों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही उनके पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि की 25 जून को मंदिर ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर दर्ज पहली FIR के बाद टिन्नू समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। 26 जून को सीजेएम कोर्ट ने आरोपियों को तीन दिन के लिए जेल भेज दिया। इस बीच, शनिवार को श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि कर दी थी। फिलहाल इस मामले पर पीएम मोदी की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।




