MP: इंदौर-उज्जैन रोड पर तेज बारिश में पलटी यात्री बस, 20 लोग घायल
उज्जैन के नानाखेड़ा थाना क्षेत्र में इंदौर-उज्जैन रोड पर तेज बारिश के दौरान सपना ट्रैवल्स की बस पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए जिनमें छह गंभीर हैं।
उज्जैन। इंदौर-उज्जैन रोड पर नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के तपोभूमि के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सपना ट्रैवल्स की यात्री बस देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। दुर्घटना में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। छह यात्रियों को गंभीर चोटों के चलते जिला अस्पताल के चरक भवन में भर्ती किया गया ही। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार, बस इंदौर बस स्टैंड से उज्जैन के नानाखेड़ा बस स्टैंड की ओर जा रही थी। हादसे के समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस अचानक नियंत्रण खो बैठी, डिवाइडर से टकराई और पलट गई। बताया जा रहा है कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री सवार थे और कई लोग खड़े होकर सफर कर रहे थे।
हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के नीचे दब गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल यात्रियों ने बस चालक पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुर्घटना के समय चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। कुछ यात्रियों ने यह भी दावा किया कि चालक ने शराब का सेवन किया हुआ था। पुलिस ने इन आरोपों को भी जांच में शामिल कर लिया है।
घायलों में ग्वालियर निवासी गोविंद अग्रवाल (54) और उनके पुत्र सुधीर अग्रवाल (25), इंदौर के विजयनगर निवासी खुशी तिवारी (15), उज्जैन की साईं धाम कॉलोनी निवासी वंश खत्री (10) और उनकी मां वंदना खत्री (32) तथा जीवनखेड़ी निवासी हरदीप पिता अर्जुन शामिल हैं। इनमें से कई यात्री इंदौर में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




