मैं नहीं चाहता कि भारत में ट्विटर के कर्मचारी जेल जाएं, भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बहाल करना मुश्किल: मस्क

एलॉन मस्क ने कहा कि भारत में सोशल मीडिया नियम काफ़ी सख्त हैं, इसलिए ट्विटर अपने यूजर्स को वह आजादी प्रदान नहीं कर सकता जोकि वह पश्चिम के देशों में करता है

Updated: Apr 13, 2023, 10:40 AM IST

नई दिल्ली। भारत में सख्त सोशल मीडिया नियमों को लेकर ट्विटर के सीईओ एलॉन मस्क ने बड़ा बयान दिया है। मस्क के मुताबिक भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बहाल करना ट्विटर के लिए संभव नहीं है। मस्क ने यह भी कहा कि वह यह नहीं चाहते कि भारत में ट्विटर के कर्मचारियों को जेल जाना पड़े। मस्क ने कहा कि भारत में वह ट्विटर यूजर्स को पश्चिम के देशों जैसी स्वतंत्रता प्रदान नहीं कर सकते। 

मस्क ने यह बात भारत में सख्त सोशल मीडिया नियमों के संबंध में कही है। मस्क ने यह टिप्पणियां बीबीसी को दिए अपने हालिया इंटरव्यू में की है, जिसमें उन्होंने भारत में ट्विटर के सामने आने वाली चुनौतियों पर बात की है। 

मस्क ने कहा कि ट्विटर भारत में अक्सर कॉन्टेंट और ब्लॉक और सेंसर करता है। क्योंकि अगर ट्विटर नियमों का पालन नहीं करेगा तो उसके कर्मचारियों को जेल की हवा खानी पड़ सकती है। 

मस्क ने कहा कि पश्चिम के देशों के मुक़ाबले भारत में सोशल मीडिया को लेकर नियम काफी सख्त हैं कि उस पर किस तरह कॉन्टेंट साझा किया जा सकता है। ऐसे में ट्विटर के लिए किसी देश के नियम के परे जाना संभव नहीं है। अगर हमारे सामने नियमों का पालन करने और अपने कर्मचारियों को जेल भेजने में से कोई एक विकल्प होगा तो ज़ाहिर सी बात है हम नियमों के पालन का ही विकल्प चुनेंगे। 

हालांकि मस्क ने यह नहीं बताया कि उन्होंने नियम के किस बिंदु पर यह टिप्पणी की है। उन्होंने यह टिप्पणी बीबीसी के उस सवाल के जवाब में की जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को ट्विटर पर ब्लॉक किए जाने को लेकर सवाल किया गया था। यह डॉक्यूमेंट्री गुजरात दंगों की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसे भारत सरकार ने प्रोपेगेंडा करार दिया है। 

हालांकि मस्क ने यह भी कहा कि उन्हें डॉक्यूमेंट्री के बारे में अधिक स्पष्टता से जानकारी नहीं है। हाल ही में एक ट्विटर यूजर ने भी उनसे डॉक्यूमेंट्री को प्रतिबंधित किए जाने से जुड़ा सवाल पूछा था। तब मस्क ने इसके जवाब में यही कहा था कि उनके लिए रातों रात ट्विटर की तमाम खामियों को दूर कर पाना संभव नहीं है क्योंकि वह ट्विटर के अलावा टेस्ला और स्पेस एक्स को भी देख रहे हैं।