HongKong: मीडिया टाइकून जिम्मी लाय गिरफ्तार

चीन के नए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत पहली हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी, पिछले साल से विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था लाय का टैब्लायड

Updated: Aug 11, 2020, 03:53 AM IST

Pic: NYTimes
Pic: NYTimes

हांगकांग के मीडिया के बेताज बादशाह जिम्मी लाय को विदेशी ताकतों के साथ साठगांठ के संदेह में सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। उनके सहयोगी ने यह जानकारी दी। पिछले साल हुए प्रदर्शनों के बाद शहर में चीन की ओर से लागू किए गए नये राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत यह सबसे हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी है। उनके साथ उनके बेटे और अन्य पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके दफ्तर की तलाशी भी ली।

मार्क सिमोन ने ट्विटर पर कहा, “जिम्मी लाय को इस वक्त विदेशी शक्तियों के साथ मिलीभगत के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।”

हांगकांग पुलिस ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा कानून का उल्लंघन करने के संदेह में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है लेकिन बयान में गिरफ्तार किए गए लोगों के नाम का ब्यौरा नहीं दिया गया है।

लोकप्रिय टैब्लायड ‘एप्पल डेली’ के मालिक लाय हांगकांग में लोकतंत्र के समर्थन में आवाज उठाने वाली प्रमुख हस्ती हैं और लगातार चीन के निरंकुश शासन की आलोचना करते हैं। चीन की सरकारी मीडिया उनके ऊपर लगातार हांगकांग में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाती रही है।

राष्ट्रीय सुरक्षा कानून 30 जून को प्रभावी हुआ था और इसे असहमति को दबाने के तरीके के तौर पर देखा जा रहा है और अब इस हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद आलोचकों की वह आशंका सच होती जा रही है। जिम्मी लाय से पहले भी अनेक प्रदर्शनकारियों को इस कानून के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।

सिमोन ने कहा कि पुलिस ने लाय और उनके बेटे दोनों के घर के साथ-साथ मीडिया समूह ‘नेक्स डिजिटल’ के अन्य सदस्यों के घरों की भी तलाशी ली। लाय की ही तरह, एप्पल डेली भी लोकतंत्र का पक्षधर रहा है और अक्सर अपने पाठकों से लोकतंत्र के समर्थन वाले प्रदर्शनों में हिस्सा लेने की अपील करता है। अगर जिम्मी लाय पर आरोप सिद्धि हो जाता है तो उन्हें तीन से दस साल कैद की सजा हो सकती है।