ट्रंप और पुतिन के बीच 3 घंटे तक चली बैठक, युद्ध रोकने को लेकर कोई फाइनल डील नहीं हुई
बंद कमरे में हुई इस बातचीत से यूक्रेन युद्धविराम को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका है। पुतिन ने अब मॉस्को में आगे की बातचीत का प्रस्ताव दिया है, लेकिन यूक्रेन में शांति स्थापना को लेकर कोई स्पष्ट दिशा तय नहीं हो पाई है।

अलास्का। दुनिया के दो सबसे शक्तिशाली देशों के सुप्रीम नेता, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शुक्रवार को अलास्का में बैठक हुई। दुनियाभर की निगाहें इस मुलाकात पर टिकी थीं, खासकर यूक्रेन की, जो इस वार्ता को लेकर काफी आशान्वित था।
हालांकि, बंद कमरे में हुई इस बातचीत से यूक्रेन युद्धविराम को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकल सका है। पुतिन ने अब मॉस्को में आगे की बातचीत का प्रस्ताव दिया है, लेकिन यूक्रेन में शांति स्थापना को लेकर कोई स्पष्ट दिशा तय नहीं हो पाई।
दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन जंग खत्म करने पर करीब 3 घंटे मीटिंग हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने सिर्फ 12 मिनट की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के किसी सवाल का जवाब नहीं दिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रम्प ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारी बैठक बहुत सकारात्मक रही। हमने कई बिंदुओं पर सहमति जताई, लेकिन कोई डील नहीं हुई। कोई समझौता तभी होगा जब वह अंतिम रूप लेगा।
वहीं, पुतिन ने कहा कि उनके लिए रूस की सुरक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने अगली मीटिंग मॉस्को में करने का सुझाव दिया। अपनी बात कहने के बाद दोनों नेता मंच से तुरंत चले गए। पुतिन शनिवार को करीब 10 साल बाद अमेरिका पहुंचे थे। यहां उनका B-2 बॉम्बर एयरक्राफ्ट से स्वागत किया गया। उनके रेड कार्पेट पर आते ही ट्रम्प ने तालियां बजाईं। फिर पुतिन, ट्रम्प की कार में बैठकर मीटिंग के लिए रवाना हो गए।
पुतिन से मीटिंग खत्म होने के बाद ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज को इंटरव्यू दिया। इसमें उन्होंने कहा कि वे लोगों को मरते हुए नहीं देखना चाहते हैं। ट्रम्प के फॉक्स को दिए इंटरव्यू के बाद रूस ने कहा कि पुतिन का अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ दिया इंटरव्यू बहुत अच्छा रहा। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने बताया कि दोनों नेताओं ने पत्रकारों के सवालों का जवाब नहीं दिए क्योंकि वे पहले ही विस्तृत बयान दे चुके थे। पेसकोव ने यह भी कहा कि दोनों नेताओं की बातचीत उन्हें सीजफायर के विकल्प खोजने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करेगी।