India China Dispute : सीमा पर तनातनी से गिरा शेयर बाज़ार

सोमवार-मंगलवार की रात को चीन के साथ हुई हिंसक झड़प का असर बुधवार को शेयर बाज़ार में भारी गिरावट के रूप में देखने को मिला

Publish: Jun 18, 2020, 02:32 AM IST

Photo courtesy : The Hans India
Photo courtesy : The Hans India

सोमवार रात को भारतीय सेना और चीनी सेना में हुई हिंसक झड़प के बाद सरहद पर तनाव बढ़ गया है। इसका असर अब शेयर बाज़ार पर भी दिख रहा है। बुधवार को शेयर बाज़ार खुलते ही भारी गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को सेंसेक्स जहां 250 अंक नीचे गिर गया तो वहीं निफ्टी में  भी 70 अंक की गिरावट दर्ज की गई। 250 अंक की गिरावट आने के बाद सेंसेक्स 33 हज़ार 400 अंक पर आ गया। निफ्टी भी 70 अंक की गिरावट के बाद 9,900 के अंक के नीचे गिरा।

कल क्या था शेयर बाज़ार का आंकड़ा 

मंगलवार को सेंसेक्स 1.13 फीसदी के इज़ाफे के साथ 33,605 पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी मंगलवार को एक फीसदी से ज़्यादा की बढ़ोतरी देखी गई थी। लेकिन चीन के साथ बढ़ते तनाव और जवानों के शहीद होने का प्रभाव शेयर बाज़ार पर भी दिखाई पड़ रहा है।

एचडीएफसी बैंक के शेयर में तेजी, महिंद्रा का घटा

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से 15 शेयर में तेज़ी और इतने ही शेयरों में गिरावट देखी गई है। सबसे ज़्यादा बढ़ोतरी एचडीएफसी बैंक में देखी गई है, जहां बैंक के शेयर में 4.16 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तो वहीं महिंद्रा के शेयर में सबसे ज़्यादा गिरावट दर्ज की गई है। महिंद्रा के शेयर में लगभग 2.75 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। गिरावट वाले प्रमुख शेयरों में महिंद्रा के अलावा भारती एयरटेल, आईटीसी और एक्सिस बैंक शामिल हैं। इंफोसिस, आईसीआईसीआई और कोटक बैंक के शेयर में वृद्धि दर्ज की गई है।