2023 में 7.5 करोड़ बढ़ी दुनिया की आबादी, 1 जनवरी को 8 अरब के पार होगी वैश्विक आबादी

अमेरिकी जनगणना ब्यूरो की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल विश्व की जनसंख्या में 7.5 करोड़ की बढ़ोतरी हुई और नए साल के दिन वैश्विक आबादी आठ अरब से अधिक होने का अनुमान है।

Updated: Dec 30, 2023, 02:42 PM IST

दुनिया की जनसंख्या साल 2023 में कितनी तेजी से बढ़ी है, ये सामने आए आंकड़ों से पता चला है। 1 जनवरी को विश्व की जनसंख्या 8 बिलियन को पार कर जाएगी, ये दावा अमेरिकी जनगणना ब्यूरो की रिपोर्ट में किया गया है। अमेरिकी जनगणना ब्यूरो द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, नए साल के दौरान 1 जनवरी, 2024 की आधी रात को, दुनिया की आबादी आधिकारिक तौर पर 8 अरब से ज्यादा हो जाएगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में हर सेकेंड 4.3 लोग जन्म लेते हैं, जबकि 1 सेकेंड में 2 लोगों की मौत होती है। अमेरिका के सेंसस ब्यूरो के मुताबिक, 1 जनवरी 2024 को दुनिया की कुल आबादी 8.02 अरब हो जाएगी। 1 जनवरी 2023 ये आंकड़ा 7.94 अरब था। नवंबर 2022 में UN ने अनुमान लगाया था कि दुनिया की आबादी 8 अरब पहुंच गई थी। जनसंख्या में 1 अरब की बढ़ोतरी में करीब 11 साल का समय लगा।

एक साल में 75 मिलियन से ज्यादा आबादी बढ़ने का आंकड़ा चौंका देने वाला है। इससे पता चलता है कि वैश्विक जनसंख्या घड़ी प्रति सेकंड 4.3 जन्म और 2 मृत्यु की लगभग स्थिर दर पर चल रही है। जबकि विकास दर पिछले सालों की तुलना में सिर्फ 1% से कम है। 1 जनवरी, 2024 यानी कि नए साल को अनुमानित विश्व जनसंख्या 8,019,876,189 हो जाएगी, जो कि जो 2023 के नए साल से 75,162,541 से ज्यादा है।

जनगणना ब्यूरो का अनुमान है कि घटता फर्टिलिटी रेट और युवाओं के कम अनुपात जैसे कारकों की वजह से, 9 अरब की वैश्विक आबादी हासिल करने में 14 साल से थोड़ा ज्यादा समय लगेगा। इसके अलावा, 10 बिलियन के आंकड़े तक पहुंचने में अतिरिक्त 16.4 साल लगने का अनुमान है, जो धीमी विकास दर को दिखाता है। रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि कोविड-19 महामारी की वजह से जनसंख्या वृद्धि भी प्रभावित हुई है। 2021 में जन्म के समय वैश्विक आयु संभाविता गिरकर 71 साल हो गई है।