राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पार्टी से लौटते 2 दोस्तों की मौत, 2 गंभीर घायल

दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से लौटते हुए 4 दोस्त हुए हादसे का शिकार, तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, गाड़ी छोड़कर भागा आरोपी ड्राइवर

Updated: Oct 05, 2021, 10:18 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

राजगढ़। खुजनेर में बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। सोमवार रात हुए इस भीषण सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। जबकि 2 युवक गंभीर हालत में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। राजगढ़ के खुजनेर निवासी चारों युवक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी मनाने गए थे। वहां से लौटते समय देर रात यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि चारों दोस्त जीरापुर रोड स्थित किसी होटल में खाना खाने गए थे। वहां से लौटते समय रात करीब पौने 12 बजे वे एक पेट्रोल पंप के नजदीक से गुजर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक सवार युवक कई फीट तक उछल कर सड़क पर गिर गए। चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वे करीब 20-22 मीटर दूर सड़क पर जा गिरे। इस घटना में कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह डैमेज हुआ है। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों हादसे की खबर पुलिस को दी, जिसके बाद चारों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। एक युवक ने अस्पताल के रास्ते में ही दम तोड़ दिया।  जबकि एक दोस्त की मौत इलाज के दौरान हुई। वहीं दो युवकों को गंभीर चोट आई है। मरने वालों की पहचान विशाल जोशी और दीपक राठौर के रूप में हुई है। संदीप और राजेश सेन को इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है।    

एक्सीडेंट के बाद ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया। बुरी तरह डैमेज कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से दो घरों के चिराग बुझ गए। इलाके में मातम पसर गया है। घटनाक्रम पेट्रोल पंप में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।