इंदौर में स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं
इंदौर के सांवरे रोड पर रविवार सुबह प्लास्टिक स्क्रैप से भरे गोदाम में भीषण आग लग गई। जिसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखा।
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार सुबह सांवरे रोड स्थित एक स्क्रैप गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस गोदाम में आग लगी वहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक स्क्रैप रखा हुआ था। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। जिसकी वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में तापमान बढ़ने के साथ शहर में आग की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही शहर की बृजेश्वरी (एनएक्स) कॉलोनी में एक घर में आग लगने से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके अलावा इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र के खासगी का बगीचा इलाके में शुक्रवार देर रात एक और आगजनी की घटना सामने आई। यहां रमेश गिरी के पुत्र दीपक की हेलमेट की दुकान में आग लग गई थी। बताया जा रहा है कि दुकान में मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था तभी अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी।
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग को नियंत्रित किया गया। इस घटना में दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल दोनों ही मामलों में प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।




