MP में पावर ट्रांसमिशन कंपनी का अडाणी ग्रुप ने किया अधिग्रहण, 1200 करोड़ में पक्की हुई डील

अडाणी ग्रुप ने पावर ट्रांसमिशन लाइन बिछाने और उनका संचालन करने वाली एक कम्पनी का अधिग्रहण किया है, इसके लिए कंपनी को आशय पत्र भी मिल गया है

Publish: Sep 16, 2021, 04:28 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में संचालित पावर ट्रांसमिशन कंपनी का अधिग्रहण अब अडाणी ग्रुप ने कर लिया है। मध्य प्रदेश में पावर ट्रांसमिशन लाइन बिछाने और उनका संचालन करने वाली एक अहम कंपनी का अधिग्रहण अडाणी ग्रुप की कम्पनी ATL ने किया है। इसके लिए कंपनी को आशय पत्र भी मिल गया है। 

अडाणी ग्रुप जिस कंपनी का अधिग्रहण करने वाला है उसका MP पावर ट्रांसमिशन पैकेज लिमिटेड 2 है। यह भारत सरकार के स्वामित्व वाली कंपनी है। कुल 1200 करोड़ में इस अधिग्रहण की डील हुई है। अडाणी ग्रुप ने यह सौदा टैरिफ आधारित निलामी के जरिए किया है। 

अडाणी ग्रुप की कम्पनी एटीएल ने अपने एक बयान में बताया है कि RECPDCL द्वारा स्थापित एमपी पावर ट्रांसमिशन पैकेज लिमिटेड-2 के अधिग्रहण का आशय पत्र मिल गया है। RECPDCL भारत सरकार की नवरत्न कम्पनी REC की एक सब्सिडियरी है। 

इस लिहाज से जिस कंपनी का अधिग्रहण होने जा रहा है वह भी भारत सरकार का ही एक अहम उपक्रम है। अब इस पर भी निजी कम्पनी का नियंत्रण हो जाएगा। अडाणी ग्रुप की कंपनी ATL देश की सबसे बड़ी निजी ट्रांसमिशन कम्पनी है। 

सौदे का क्या होगा कंपनी का लाभ 

दरअसल इस सौदे के मुताबिक अडाणी ग्रुप को आने वाले 35 सालों तक मध्य प्रदेश में ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट्स के निर्माण, स्वामित्व, संचालन और देखरेख का अधिकार मिल जाएगा। इन प्रोजेक्ट्स में राज्य के 18 जिलों में 850 सर्किल किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइन, 132 किलोवाट और 220 किलोवाट वाले एयर इंसुलेटेड सबस्टेशन शामिल हैं।