मंदिर में संविधान की शपथ लेकर शादी

शादी से पहले लड़के और लड़की को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलवाई गई।

Publish: May 09, 2020, 08:19 AM IST

लॉकडाउन में जब ऑनलाइन शादी की जा रही है तब मध्यप्रदेश का सीहोर जिला एक अनोखी शादी का साक्षी बना। यहां के बलाई समाज माता मंदिर में गुरुवार को संविधान की शपथ लेकर एक जोड़ा विवाह बंधन में बंधा।

वर माला से पहले दूल्हा-दूल्हन ने संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। उसके बाद एक दूसरे को वरमाला पहनाई। विवाह की रस्में भी अलग ढ़ंग से निभाई गईं। सबसे खास बात यह थी कि शादी से पहले लड़के और लड़की को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलवाई गई। शादी के लिए बाकायदा सीहोर एसडीएमसे परमिशन ली गई थी। शादी में शामिल लोगों ने लॉकडाउन के दिशा निर्देशों का पालन किया और अनोखी शादी के साक्षी बने। इस अनूठी शादी में वर, वधू और सभी मेहमानों के हाथ सेनेटाइज कर मास्क भेंट किये गए थे। कुरावर के रहने वाले धर्मेंद्र मालवीय और सीहोर के थूना ग्राम निवासी आरती मालवीय की अनोखी शादी लॉकडाउन में संपन्न हुई जिसे लोगों ने खूब सराहा।