भोपाल के हमीदिया अस्पताल से 850 रेमडेसीवीर इंजेक्शन उड़ा ले गए चोर

मध्यप्रदेश में रेमडेसीवीर इंजेक्शन की किल्लत के बीच चोरों के हौसले बुलंद, राजधानी के हमीदिया अस्पताल से 850 यूनिट गायब, कालाबाजारी की नीयत से इंजेक्शन चुराने की आशंका

Updated: Apr 17, 2021, 10:32 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कोरोना वायरस ने हाहाकार मचा दिया है। रेमडेसीवीर इंजेक्शन की भयंकर किल्लत की वजह से गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को समय से इलाज नहीं मिल पा रहा है और लोगों की तड़प-तड़पकर मौत हो रही है। इसी बीच शासकीय हमीदिया अस्पताल से 850 यूनिट रेमडेसीवीर इंजेक्शन की चोरी का मामला सामने आया है। 

मध्यप्रदेश कांग्रेस ने इस चोरी को लेकर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस ने ट्वीट कर इसे शिवराज का जंगलराज करार दिया है। एमपी कांग्रेस ने ट्वीट किया, 'भोपाल के हमीदिया अस्पताल से, —800 से अधिक रेमडेसिविर इंजेक्शन चोरी। शिवराज का जंगलराज।' 

रिपोर्ट्स के मुताबिक आज कोरोना संक्रमित मरीजों को इंजेक्शन लगाया जाना था, इसलिए भोपाल प्रशासन में अस्पताल को कल ही इंजेक्शन उपलब्ध करा दिया था। इस संकट काल में गंभीर रूप से बीमार लोगों का एकमात्र आस रेमडेसीवीर इंजेक्शन की चोरी की खबर से अस्पताल में हड़कंप मच गया है। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने अस्पताल स्टाफ के मदद से ही इस वारदात को अंजाम दिया है। 

यह भी पढ़ें: उत्तरप्रदेश सरकार के कोविड कमांड सेंटर ने कोरोना मरीज को दी मर जाने की सलाह

फिलहाल इंजेक्शन किसने चुराई इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। अस्पताल प्रशासन आनन-फानन में इस मामले की जांच में जुट गई है। उधर कोहेफिजा पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि चोरों ने कालाबाजारी करने के लिए इंजेक्शन को चुराया है। बीते कई दिनों से राज्य में रेमडेसीवीर इंजेक्शन की कालाबाजारी की खबरें आ रही हैं।

उधर हमीदिया अस्पताल में काम करने वाले करीब 200 आउटसोर्स कर्मचारी रात 12 बजे से हड़ताल पर चले गए हैं। इनमें वार्ड बॉय, अटेंडर, सफाई कर्मी शामिल हैं। इन आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धी, संविदा नियुक्ति और सुविधाएं दिए जाने की मांग की है। कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के बीच अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल से अस्पताल की सफाई व्यवस्था चौपट हो गई है। हमीदिया अस्पताल में अव्यवस्था अपने चरम पर हैं। प्रशासनिक अधिकारी हालात संभालने में नाकाम साबित हो रहे हैं।