न्यूयॉर्क में ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नेवी का शिप, 2 की मौत और 19 लोग घायल
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जहाज का ऊपरी हिस्सा ब्रिज से टकराता नजर आ रहा है। न्यूयॉर्क के मेयर ने बताया कि जहाज के टकराने से 19 लोग घायल हो गए और 2 की मौत हो गई।

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयॉर्क में मेक्सिकन नेवी का एक ट्रेनिंग जहाज कुआउतेमोक ईस्ट रिवर पर बने ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। न्यूयॉर्क पुलिस डिपार्टमेंट के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम को 8:30 बजे हुई। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें जहाज का ऊपरी हिस्सा ब्रिज से टकराता नजर आ रहा है।
न्यूयॉर्क के मेयर ने बताया कि जहाज के टकराने से 19 लोग घायल हो गए और 2 की मौत हो गई। घायलों में 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। मीडिया के अनुसार, जहाज पर 277 क्रू मेंबर थे। यह जहाज न्यूयॉर्क में एक फ्रेंडली टूर पर आया था। न्यूयॉर्क की इमरजेंसी क्राइसिस मैनेजमेंट एजेंसी (NYCEM) ने कहा कि वे इस घटना की जांच कर रहे हैं।
ब्रिज के डेक की ऊंचाई 127 फीट है, जबकि जहाज के टावर (मस्तूल) की ऊंचाई 158 फीट है। जहाज और ब्रिज के डेक की ऊंचाई में करीब 31 फीट का अंतर था, यही हादसे की वजह बना। अधिकारियों ने बताया कि यह जहाज न्यूयॉर्क पियर 17 से आइसलैंड की तरफ जा रहा था।
हादसे की वजह से 142 साल पुराने ब्रुकलिन ब्रिज को बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हादसे के वजह की जांच चल रही है। ब्रुकलिन ब्रिज का निर्माण 1883 में हुआ था। यह लगभग 1,600 फीट लंबा है और दो पत्थर के टावरों पर टिका है। शहर के ट्रांसपोर्ट विभाग के मुताबिक, रोजाना 1 लाख से ज्यादा वाहन और करीब 32,000 पैदल यात्री इसे पार करते हैं।