इंदौर की सियासत में बड़ा उलटफेर, बीजेपी नेता सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया कांग्रेस में शामिल

बीजेपी के दिग्गज नेता सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया सत्तन ने कांग्रेस की सदस्यता ली। कनुप्रिया को भोपाल कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक की मौजूदगी में सदस्यता दिलाई गई।

Updated: Feb 17, 2026, 06:40 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और मध्य प्रदेश खाद एवं ग्रामोद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया सत्तन कांग्रेस में शामिल हो गईं हैं। कांग्रेस पार्टी की सदस्यता लेने पर पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कनुप्रिया को शुभकामनाएं दी है।

कनुप्रिया ने मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की उपस्थिति में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान कनुप्रिया सत्तन ने कहा कि वे पार्टी के आदर्शों और इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व से गहराई से प्रभावित हैं। 

कनुप्रिया के कांग्रेस में शामिल होने की घटना राज्य की सियासत में खासी चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि सत्यनारायण सत्तन लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और इंदौर की राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वे एक प्रसिद्ध राष्ट्रीय कवि के रूप में भी जाने जाते हैं।

बीजेपी नेता सत्तन की बेटी कनुप्रिया के कांग्रेस ज्वॉइन करने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका अभिनंदन किया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कनुप्रिया को कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर अभिनंदन किया है।