जबलपुर में भाजपा नेता ने MBA छात्रा को मारी थी गोली, इलाज के दौरान देविका ने तोड़ा दम

जबलपुर में बीजेपी नेता प्रियांश विश्वकर्मा की गोली का शिकार हुई युवती देविका ठाकुर जिंदगी की जंग हार गई है।

Updated: Jun 26, 2023, 02:54 PM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बीजेपी नेता प्रियांश विश्वकर्मा की गोली का शिकार हुई युवती देविका ठाकुर जिंदगी की जंग हार गई है। बीते कई दिनों से अस्पताल में चल रहे इलाज के दौरान सोमवार को युवती ने दम तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि देविका के मल्टी ऑर्गन फेल हो गए थे, वहीं रीढ़ की हड्डी में फंसी हुई गोली को डॉक्टर निकाल नहीं पाए थे, डॉक्टरों ने युवती को बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन वे नाकामयाब रहे।

मामला जबलपुर के संजीवनी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनवंतरी नगर का है। संजीवनी नगर थाने में रहने वाली युवती बीजेपी नेता प्रियांश विश्वकर्मा की परिचित थी। युवती दोपहर में प्रियांश के कार्यालय में थी तभी उसे गोली लग गई। जिसके बाद प्रियांश ने ही फोन करके युवती के परिवार वालों को जानकारी दी कि देविका की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल में भर्ती करवाने ले जा रहे हैं। इसके बाद युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

युवती ने खुद बताया था कि उसे प्रियांश ने गोली मारी थी। इसका वीडियो भी सामने आया था। 12 सेकेंड के वीडियो में युवती कहते हुए दिखाई दे रही थी कि मुझे प्रियांश विश्वकर्मा ने ही गोली मारी थी। हालांकि प्रियांश ने गोली क्यों मारी.... इसका जवाब उसे नहीं पता था। बता दें कि घटना के बाद आरोपी प्रियांश विश्वकर्मा ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे और पिस्टल लेकर फरार हो गया था। वह गोली मारने के बाद 7 घंटे तक अपनी गाड़ी में लेकर घूमता रहा था। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

गोली लगने के 10 दिन बाद अस्पताल में इलाज के दौरान वेदिका की मृत्यु हो गई। 16 जून को जबलपुर में भाजपा नेता के दफ्तर में गोली लगने की वजह से वह बुरी तरह घायल हो गई थी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके सीने में गोली फंसी हुई थी, जिसकी वजह से उसे आईसीयू में भर्ती किया गया था। लंबे समय से वह वेंटिलेटर पर थी, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।