भाजपा नेता विजेश लुणावत का निधन, सीएम शिवराज ने जताया दुःख

मध्यप्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष रहे विजेश लुणावत का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। बताया जा रहा है बीते दिनों कोरोना संक्रमित होने से अस्पताल में इलाज चल रहा था। भाजपा में शोक की लहर है।

Updated: May 05, 2021, 10:46 AM IST

Photo courtesy: patrika
Photo courtesy: patrika

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय लुणावत का हार्ट अटैक से बुधवार को दोपहर में निधन हो गया। बताया जा रहा है कोरोना संक्रमित हो गए थे। उन्हें भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।  लुणावत के निधन से प्रदेश भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।


मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विजेश लुणावत के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने ट्वीट कर कहा है कि "भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और हम सभी के प्रिय साथी श्री विजेश लूनावत जी के निधन की सूचना से स्तब्ध और दुःखी हूँ। यह मध्यप्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूँ। मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।"

 

 


सीएम चौहान ने आगे कहा कि हमारे साथी विजेश लूनावत जी एक समर्पित जनसेवक थे। असमर्थों के जीवन में मुस्कान लाने और प्रदेश की प्रगति के लिए जीवन की अंतिम सांस तक कार्य करते रहे। अपने कार्य के प्रति उनमें असीम समर्पण और निष्ठा थी। आज हमने अपने एक सच्चे साथी को खो दिया। विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और इस कठिन घड़ी में उनके परिजनों को संबल प्रदान करें।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि "भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष श्री विजेश लूनावत जी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूँ। लूनावत जी ने हमेशा एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए कार्य किया। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकसंतृप्त परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें।अत्यंत दुःखद !!"