पर्ची में एक जीरो बढ़ाकर अनाज व्यापारी से 51 हजार की ठगी, किसान बनकर आए ठग ने लगाया चूना

उज्जैन कृषि उपज मंडी में व्यापारी से ठगी, अनाज बेचने आए युवक ने 1 बोरी सोयाबीन बेचने की पर्ची पर 0 बढ़ा कर किया 10, व्यापारी से 6 हजार की जगह 57 हजार रुपए लेकर हुआ फरार

Updated: Dec 18, 2021, 07:03 AM IST

Photo Courtesy: Bharatsamman
Photo Courtesy: Bharatsamman

उज्जैन। कृषि उपज मंडी में एक युवक ने व्यापारी को 51 हजार का चूना लगा दिया। यहां युवक किसानों की लाइन में लग कर एक बोरी सोयाबीन बेचने आया था। वहां पर उसने एक बोरी अनाज तौलवाया और जब पैसे लेने की बारी आई तो उसने उस 1 बोरी के आगे जीरो लगा दिया। उसे अपने अनाज के 6 हजार मिलने थे, लेकिन वह व्यापारी से 57 हजार रुपए वसूल कर चला गया। रोजाना की तरह अनाज की बोरियों की गिनती में 9 बोरियां कम मिली। जबकि पेमेंट में रिकॉर्ड में उनका पेमेंट कर दिया गया था। 

 मामला उज्जैन जिले की चिमनगंज कृषि उपज मंडी का है। जहां पर सुगन ट्रेडर्स के संचालक से धोखाधड़ी हुई है। संचालक की मानें तो शुक्रवार को उनका बेटा गल्ले पर बैठा था। तभी कमल मुंडला नाम का एक युवक आया और 10 बोरी सोयाबीन बेचने की रसीद दिखाकर उससे 57 हजार रुपए लेकर चला गया। जब पिता वापस लौटे और शाम को अनाज और रुपए का मिलान किया गया तो हिसाब में 9 बोरी का हेरफेर मिला।

इसके बाद पिता पुत्र को समझ आया कि जिस शख्स को केवल 6 हजार रुपए का पेमेंट करने था उसे ज्यादा पेमेंट कर दिया गया है। रिकार्ड मिलाने पर युवक का नाम रजिस्टर में चेक किया गया तो उसके द्वारा एक बोरी सोयाबीन जमा करना दर्ज था। जबकि उसने रसीद में हेरफेर करके चालाकी से उसे 10 करदिया और 51 हजार रुपए अधिक लेकर चंपत हो गया। इस मामले में जल्द ही पुलिस में शिकायत की जानी है। अनाज व्यापारी के यहां CCTV नहीं होने की वजह से युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।