छतरपुर: कांग्रेस के ब्लॉक प्रमुख इंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने इंद्र प्रताप सिंह की हत्या की निंदा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से पार्टी का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल धुवारा भेजने की माँग की है

Updated: Mar 17, 2021, 06:05 AM IST

Photo Courtesy: Twitter
Photo Courtesy: Twitter

छतरपुर। छतरपुर के बड़ा मलहरा में कांग्रेस के ब्लॉक प्रमुख इंद्र प्रताप सिंह उर्फ छोटे राजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने कल शाम उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने के बाद उन्हें छतरपुर अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। छतरपुर एसपी के मुताबिक पुलिस कांग्रेस नेता को गोली मारने वाले दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इन्द्रप्रताप सिंह उर्फ छोटे राजा छतरपुर के धुवारा ब्लॉक के अध्यक्ष थे। 

कांग्रेस नेता की हत्या के बाद उनके परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। अस्पताल में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। कांग्रेस ब्लॉक प्रमुख की हत्या की दिग्विजय सिंह ने निंदा की है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि छतरपुर ज़िले के धुवारा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, इन्द्रप्रताप सिंह परमार की बड़ा मल्हरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मैं उसकी निंदा करता हूँ। शोक संतप्त परिवार जनों को मेरी संवेदनाएँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। 

दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कॉंग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को तत्काल भोपाल से उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल धुवारा भेजना चाहिए और मुख्यमंत्री से मिल कर अपराधियों को तत्काल गिरफ़्तार कर कड़ी सज़ा दिलाना चाहिए। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी इस घटना को शिवराज सरकार के कार्यकाल में मध्य प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और अराजकता की मिसाल बताते हुए कड़ी आचोलना की है।