लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर, जीतू पटवारी ने पार्टी प्रत्याशियों के साथ की बैठक

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में समीक्षा बैठक बुलाई थी। इस बैठक में हारे हुए प्रत्याशियों से हार के कारणों और लोकसभा चुनाव के संबंध में क्या रणनीति अपनाई जाए इसे लेकर चर्चा हुई।

Updated: Jan 06, 2024, 06:38 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में असफलता के बाद अब लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को पार्टी प्रत्याशियों से हार के कारणों और लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा की। इस दौरान प्रत्याशियों ने खुलकर अपनी बातें रखी।

बुरहानपुर से प्रत्याशी रहे सुरेंद्र सिंह शेरा ने कहा कि EVM को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली जाकर बड़ा आंदोलन करना चाहिए। कुछ लोगों ने खुलकर कांग्रेस का विरोध किया है। राष्ट्रीय सचिव, प्रदेश इंचार्ज को लिस्ट दी है, उसे क्रॉसचेक करवा लीजिए। हमें कांग्रेस की नई शुरुआत करनी चाहिए। चुनाव के पहले पर्यवेक्षक भेजना बंद कर दीजिए। यहीं से गड़बड़ी की शुरुआत होती है। लोकसभा को लेकर उन्होंने काना की आप जनवरी में ही दावेदार खोजो और चर्चा करो। फिर उसे जिताने के लिए फौज तैयार की जाए।

अनूपपुर से प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा कि मेरा पहला चुनाव था। हम BJP के प्रति अंडर करंट को नहीं भांप पाए। हमारे संगठन ने अपेक्षित काम नहीं किया। महिलाओं ने 52% वोट भाजपा को दिया तो हमारे मुद्दे भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई प्रभावी नहीं रहे।

अशोकनगर के मुंगावली से प्रत्याशी रहे राव यादवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि BJP का लाड़ली बहना चला। उन्होंने बहनों को फोन कर कहा कि यदि वोट नहीं दिए तो ये पैसे मिलना बंद हो जाएंगे। हमारे पास भी बहनों के मोबाइल नंबर थे, लेकिन हम प्रदेश स्तर से फोन नहीं करवा पाए।

बता दें कि मध्य प्रदेश कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, PCC चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे 9 जनवरी से 12 जनवरी तक प्रदेश का दौरा करेंगे। दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिले का 4 दिवसीय संयुक्त दौरा होगा।