कांग्रेस के जन जागरण अभियान का हुआ आगाज़, MP के 4 ज़िलों के दौरे पर निकले दिग्विजय सिंह
कांग्रेस महंगाई के मुद्दे और मोदी सरकार की विफल नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने की कवायद में जुट गई है, कांग्रेस का यह अभियान देश भर में चलेगा, इसका समापन 29 नवंबर को होगा

भोपाल। महंगाई के मुद्दे पर मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने अपने जनजागरण अभियान की शुरुआत कर दी है। दो हफ्ते तक चलने वाले इस अभियान का सोमवार को आगाज़ हो गया। इस अभियान में कांग्रेस पार्टी जनता को मोदी सरकार की विफल नीतियों के प्रति जागरुक करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी के तमाम नेता इस अभियान में जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को भी सुनेंगे।
मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए ताल ठोक दी है। कांग्रेस की आनदोलन योजना समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह खुद मैदान में उतर गए हैं। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश के चार ज़िलों के दौरे पर निकल गए हैं। दिग्विजय सिंह इस जन जागरण अभियान के दौरान मंडला, दतिया, पन्ना और गुना ज़िले का दौरा करेंगे।
मध्यप्रदेश में जन जागरण अभियान की पदयात्रा शुरू :
— MP Congress (@INCMP) November 14, 2021
राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के मंडला जिले में जन जागरण पदयात्रा शुरू हुई।@digvijaya_28#जन_जागरण_अभियान pic.twitter.com/fqtTJZXkyl
सोमवार को मंडला ज़िले में पदयात्रा कर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अभियान की शुरुआत की। कांग्रेस नेता ने मंडला ज़िले में देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के स्मारक पर माल्यार्पण कर अपनी पद यात्रा की शुरुआत की। दिग्विजय सिंह मंडला ज़िले के नारायण गंज विकासखंड के माडोगड गांव में ही आज रात्रि विश्राम भी करेंगे।
यह भी पढ़ें ः 14 नवंबर से कांग्रेस का जन जागरण अभियान, महंगाई बेरोज़गारी और केंद्र की विफलताओं पर सड़क पर उतरकर विरोध
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने जन जागरण अभियान की शुरुआत करते हुए मोदी सरकार की नीतियों पर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी सरकार की विफल नीतियों और फैसलों के कारण ही आज देश की अर्थव्यवस्था चौपट हो गई है। देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है, बेरोज़गारी की समस्या बढ़ती जा रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी कोरोना को लेकर भाजाप सरकार के कुप्रबंधन से भी जनता को अवगत कराएगी।
यह भी पढ़ें ः मामू गैंग के कारनामों को उजागर करेगा कांग्रेस का जन जागरण अभियान: दिग्विजय सिंह
कांग्रेस का यह जन जागरण अभियान देश भर के तमाम हिस्सों में 29 नवंबर तक जारी रहेगा। इस अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी के नेता कम से कम सात दिन की पद यात्रा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से जनता के बीच पैम्फलेट भी वितरित किया जाएगा।