धार में कांग्रेस की शानदार जीत, 9 में से 6 निकायों पर जमाया कब्जा, 3 पर सिमटी बीजेपी
धार जिले में बीजेपी को बड़ा झटका, सीएम चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत दर्जनभर मंत्री-विधायकों के प्रचार के बावजूद 3 सीटों पर सिमटी बीजेपी, कांग्रेस ने कुक्षी, सरदारपुर, राजगढ़, धरमपुरी, धामनोद और पीथमपुर में गाड़े झंडे

धार। धार के सभी 9 निकायों के परिणाम आ गए हैं। इस बार कांग्रेस ने 9 में से 6 सीटों पर कब्जा जमाया है। जबकि सत्ताधारी दल भाजपा सिर्फ 3 निकायों पर सिमटकर रह गई। यह स्थिति तब है जब धार में स्वयं सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा चुनाव प्रचार में उतर गए थे। इनके आलावा दर्जनभर मंत्री और सांसदों ने भी कैंप किया था।
धार में 6 नगर परिषद और 3 नगर पालिका के चुनाव हुए थे। 6 नगरपरिषदों में 5 सीट कांग्रेस के खाते में आई है। इनमें कुक्षी, सरदारपुर, राजगढ़, धरमपुरी, धामनोद शामिल है। जबकि बीजेपी सिर्फ एकलौते नगर परिषद डही में ही जीत हासिल की है। जिले में तीन नगर पालिका हैं। जिले के सबसे महत्वपूर्ण नगरपालिका निगम पीथमपुर में भी कांग्रेस ने कब्जा जमाया है। जबकि बीजेपी धार और मनावर नगरपालिका जीतने में कामयाब रही।
नगर परिषद के नतीजों की बात करें तो कुक्षी के 15 में से 8 वार्डों पर कांग्रेस ने कब्जा हासिल किया है। इसके अलावा धरमपुरी, राजगढ़, धामनोद और सरदारपुर चारों परिषदों में कांग्रेस ने 15 में से 9-9 वार्डों में जीत दर्ज की है। बीजेपी ने कुछ परिषदों में 6 सीट हासिल किए वहीं कहीं निर्दलीय पार्षद बनकर भी आए हैं।
यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह के गढ़ राघौगढ़ में कांग्रेस का जलवा बरकरार, नगर पालिका चुनाव में 16 सीटों पर जमाया कब्जा
नगरपालिका निगम की बात करें तो पीथमपुर के 31 वार्डों में से कांग्रेस ने 17 वार्डों में जीत लिया है।औद्योगिक नगर होने के कारण पीथमपुर सीट सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। पीथमपुर जीतने के लिए बीजेपी नेताओं ने एड़ी चोटी की बाजी लगा दी थी। हालांकि, सत्ताधारी दल को मुंह की खानी पड़ी। बीजेपी ने जिन दो नगरपालिका (धार और मनावर) में जीत हासिल की है वहां भी कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा। धार नगरपालिका में बीजेपी के खाते में 18 वहीं कांग्रेस के खाते में 12 सीटें आई है। जबकि मनावर में भाजपा ने 9 सीटों पर जबकि कांग्रेस ने 6 पर जीत दर्ज की है।
धार में कांग्रेस की शानदार जीत, 9 में से 6 निकायों पर जमाया कब्जा, 3 पर सिमटी बीजेपी।
— humsamvet (@humsamvet) January 23, 2023
सड़कों पर जश्न मनाते दिखे कांग्रेस कार्यकर्ता। @digvijaya_28 @MPArunYadav pic.twitter.com/l8uFThdvfz
धार जिले में कांग्रेस को मिली इस शानदार जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में जश्न का माहौल है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष कमल पाटीदार ने कहा कि, "ये कांग्रेस के कर्मठ कार्यकताओं की जीत है। भारतीय जनता पार्टी अपने कर्मों से हारी है। भाजपा का भ्रष्टाचार चरम पर था। सीएम शिवराज से लेकर प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, दर्जनभर मंत्री, विधायक और सांसद चुनाव प्रचार में लगे हुए थे। धनबल से लेकर सरकारी मशीनरी उनके पास थी। लेकिन कांग्रेस के साधारण कार्यकर्ताओं ने तमाम दिग्गजों को पटखनी दी है। अब जिले के अधिकांश निकायों में हमारी सरकार होगी और हम जनता को विकास कर के दिखाएंगे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी और बेहतर प्रदर्शन करेगी। भाजपा का अंत निकट है।"