50 सीटों पर ही सिमट जाएगी बीजेपी, प्रियंका गांधी के आगमन को लेकर डबरा पहुंचे दिग्विजय सिंह का बड़ा दावा

प्रियंका गांधी 21 जुलाई को ग्वालियर के दौरे पर आने वाली है। जिसकी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह चार दिवसीय ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के दौरे पर हैं।

Updated: Jul 19, 2023, 06:51 PM IST

डबरा। ग्वालियर में आगामी 21 जुलाई को प्रियंका गांधी की रैली है। प्रियंका गांधी के दौरे की तैयारियों की समीक्षा स्वयं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कर रहे हैं। सिंह प्रियंका के आगमन को लेकर चार दिनों से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं और गांव कस्बों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर रहे हैं। सिंह इसी क्रम में बुधवार को डबरा पहुंचे और दावा किया कि भाजपा इस बार 50 सीटों पर ही सिमट जाएगी।

डबरा में दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर सभा में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचने की अपील की। इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रियंका गांधी 21 जुलाई को ग्वालियर के मेला मैदान में सभा करेंगी, हमारा लक्ष्य 50 हजार लोगों के पहुंचने का है लेकिन कार्यकर्ताओं और जनता का जोश देखकर लगता है कि ये संख्या 1 लाख पहुँच जाएगी।

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के “प्रियंका के आने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा” वाले बयान पर पलटवार करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि नरेंद्र सिंह तोमर आजकल परेशान हैं, उनकी अभिलाषा है कि वे शिवराज की जगह मुख्यमंत्री बनें लेकिन उनकी वहां दाल नहीं गल पा रही है। ग्वालियर-चंबल संभाग यानि ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में प्रियंका गांधी के आने से पड़ने वाले फर्क के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि 1857 में भी गढ़ ढह गया था ना, इस बार भी ढह जायेगा।

प्रियंका गांधी के दौर को लेकर पूरे ग्वालियर शहर में होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इसमें एमपी पटवारी परीक्षा घोटाले का ट्विस्ट भी दिया गया है। होर्डिंग्स पर संदेश दिया गया है, 'महंगाई हटाओ, रोजगार दो, पटवारी घोटाला। प्रियंका गांधी की रैली मेला मैदान में होगी। माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश के आने वाले चुनावों में कांग्रेस पटवारी घोटाले को भी प्रमुख मुद्दा बनाएगी।