बाढ़ प्रभावितों का दर्द बांटने श्योपुर पहुंचे दिग्विजय सिंह, लोगों ने दिखाया सड़ा हुआ गेहूं

श्योपुर के मेवाड़ा गांव में स्थानीय लोगों ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को बाढ़ के कारण खराब हो चुके गेहूं दिखाए

Updated: Aug 13, 2021, 02:59 AM IST

भोपाल। ग्वालियर चंबल संभाग में आई भयावह त्रासदी से पीड़ित लोगों से मिलने और उनका दर्द बांटने के लिए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह प्रभावित क्षेत्रों में पहुंच गए हैं। दिग्विजय सिंह ने आज सबसे पहले बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित ज़िलों में से एक श्योपुर का दौरा किया। यहां पर कांग्रेस नेता ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना।

दिग्विजय सिंह ने श्योपुर विधानसभा के मेवाडा, कोटरा, शंकरपुर, बहरावदा गाँव में बाढ़ प्रभावितों से मुलाकात कर नुकसान का जायज़ा लिया। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामनिवास रावत, विधायक बाबू जंडेल और कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष अतुल चौहान भी राज्यसभा सांसद के साथ मौजूद रहे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए जब दिग्विजय सिंह मेवाडा पहुंचे तब ग्रामीणों ने उनसे अपनी समस्या साझा करते हुए बताया कि बाढ़ के कारण गेहूं खराब हो गया है और अब सूखने के बाद खाने के लायक नहीं बचा है।  

ग्वालियर चंबल के चार दिवसीय दौरे पर हैं दिग्विजय सिंह 

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह संसद का मॉनसून सत्र समाप्त होते ही सीधे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंच गए हैं। ग्वालियर चंबल संभाग में बाढ़ की विभीषिका को आंखों से देखने और स्थानीयों की मदद के लिए उन्होंने ज़मीनी दौरे को तरज़ीह दी है। इस दौरान वो सबसे ज्यादा नुकसानवाले ग्रामीण इलाकों में लोगों से मिल रहे हैं और उनके दुख दर्द सुन रहे हैं।  

दिग्विजय सिंह ग्वालियर चंबल संभाग के चार दिवसीय दौरे पर हैं। बाढ़ प्रभावितों से मिलने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए अब तक किसी राजनेता ने प्रभावित क्षेत्र में इतना समय नहीं बिताया है। चार दिवसीय दौरे के पहले दिन दिग्विजय सिंह ने श्योपुर के ग्रामीण लोगों से मुलाकात की। 13 अगस्त को वो शिवपुरी, 14 अगस्त को ग्वालियर और 15 अगस्त को भिंड के लहार और दतिया में पीड़ितों से मिलने पहुंचेगे।

यह भी पढ़ें ः बाढ़ के बाद बाढ़ प्रभावितों और प्रबंधन पर बवाल, 29 लोगों की मृत्यु पर कांग्रेस ने उठाए सवाल   

 

यह भी पढ़ें ः शिवपुरी में 16 हजार हेक्टेयर से अधिक हुआ फसलों का नुकसान, फसल नुकसान आकलन में लागतार हो रही है बढ़ोतरी

ग्वालियर चंबल संभाग में बाढ़ के कारण हज़ारों लोग बेघर हो गए, किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक अकेले शिवपुरी में 16 हज़ार हेक्टेयर से ज़्यादा फसलों को नुकसान पहुंचा है। जो कि ज़मीनी सर्वे के बाद और बढ़ने की आशंका है। कांग्रेस लगातार शिवराज सरकार से बाढ़ पीड़ितों तक तत्काल मदद पहुंचाने की मांग कर रही है। कांग्रेस ने विधानसभा के मॉनसून सत्र के दौरान भी बाढ़ पीड़ितों के मसले पर चर्चा करना चाहा लेकिन सत्र को समय से पहले ही स्थगित कर दिया गया।