दिग्विजय सिंह के घर के बाहर से गुजर रहे थे सीएम शिवराज, समर्थकों ने कहा तानाशाही नहीं चलेगी

सीएम हाउस के लिए पैदल निकले दिग्विजय सिंह, समर्थक कर रहे हैं नारेबाजी, इलाके में भारी पुलिसबल तैनात

Updated: Jan 21, 2022, 09:31 AM IST

भोपाल। दिग्विजय सिंह के घर के बाहर से गुजर रहा था मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का काफिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान सीएम चौहान के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता 'शिवराज तेरी तानाशाही नहीं चलेगी' के नारे लगा रहे थे। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ज्यादा आगे नहीं बढ़ने दिया। 

जानकारी के मुताबिक सीएम चौहान प्रतिदिन करीब पौने दस बजे दिग्विजय सिंह के घर के पास से स्मार्ट सिटी में वृक्षारोपण के लिए निकलते हैं। शुक्रवार को सीएम जब गुजर रहे थे तब दिग्विजय सिंह उनसे मिलने के लिए बाहर आए। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिसकर्मियों ने सिंह से कहा कि वे नियत समय पर प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन सीएम से मुलाकात नहीं कर सकते।

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम किसानों के हक की लड़ाई जरूर लड़ेंगे और धरना भी देंगे, भले ही मुख्यमंत्री भोपाल छोड़कर भाग जाएं। इसके बाद दिग्विजय सिंह ने पैदल ही किसानों के साथ सीएम हाउस के लिए कूच कर दिया है। इलाके में भारी पुलिसबल तैनात हैं। सिंह के आने से पहले मुख्यमंत्री देवास के लिए रवाना हो गए हैं।

सीएम हाउस से करीब 1 किलोमीटर पहले ही पुलिस ने दिग्विजय सिंह को रोक दिया है। यहां पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग कर रखी है। बताया जा रहा है कि सीएम ऑफिस से दिग्विजय सिंह को कॉल कर कहा गया कि मुख्यमंत्री 23 जनवरी को मुलाकात करेंगे। इसपर सिंह ने कहा कि हमें लिखित अपॉइंटमेंट चाहिए, टेलीफोनिक अपॉइंटमेंट को मुख्यमंत्री तवज्जो नहीं देते।