MP में आयुष्मान कार्ड बनाने में फर्जीवाड़ा, क्राइम ब्रांच ने पूर्व कर्मचारी पर कसा शिकंजा

आरोपी ने पांच सौ फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए थे, पुलिस उसके साथियों की तलाश कर रही है, इस मामले में स्टेट हेल्थ एजेंसी के कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है

Publish: Mar 02, 2023, 08:20 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में आयुष्मान कार्ड बनाने में बड़े फर्जीवाड़ा का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच ने एक निजी कंपनी के पूर्व कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। उस पर अब तक पांच सौ फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाने के आरोप हैं। पुलिस इस समय उसके साथियों की तलाश कर रही है। 

भोपाल क्राइम ब्रांच ने शिवपुरी के रहने वाले अनुराग श्रीवास्तव को अपनी गिरफ्त में लिया है। वह सौ रुपए में लोगों के आयुष्मान कार्ड बना कर देता था। प्रारंभिक तौर पर यह बताया जा रहा है कि उसने करीब पांच सौ आयुष्मान कार्ड फर्जी तरीके से बनाए थे। इनमें से कई लोगों ने उस कार्ड पर आयुष्मान योजना के तहत लाभ भी उठा लिया। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अनुराग श्रीवास्तव विडाल नामक एजेंसी में कार्यरत था। विडाल एक थर्ड पार्टी एजेंसी है। स्टेट हेल्थ एजेंसी ने इस कंपनी को आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए लोग इन आईडी दिए थे। जिसका काम आयुष्मान कार्ड का अप्रूवल देना और इसके तहत होने वाला इलाज की मॉनिटरिंग करना था।

एजेंसी को मिले पांच पांच लोग इन आईडी में एक लोग इन आईडी का ओटीपी के लिए अनुराग श्रीवास्तव का निजी नंबर रजिस्टर्ड था। आरोपी ने इसी का फायदा उठाते हुए कई लोगों के फर्जी आयुष्मान कार्ड बना दिए। अनुराग श्रीवास्तव के साथ तीन अन्य लोग इस मिलीभगत में शामिल थे। क्राइम ब्रांच को अब आरोपी के तीन अन्य साथियों की तलाश है। इसके साथ ही इस पूरे मामले में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। क्राइम ब्रांच इस पहलू से भी इस मामले की जांच कर रहा है।