पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक डॉक्टर विजयलक्ष्मी साधौ कोरोना संक्रमित

महेश्वर से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री डॉक्टर विजयलक्ष्मी साधौ कोरोना संक्रमित हो गई हैं, वे मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुई थीं, विधायकों के साथ सदन से किया था वॉकआउट

Updated: Mar 10, 2021, 10:08 AM IST

Photo Courtesy: twitter
Photo Courtesy: twitter

भोपाल। मध्यप्रदेश के महेश्वर से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री डॉक्टर विजयलक्ष्मी साधौ कोरोना की चपेट में आ गई हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बीते दिनों उनकी तबीयत थोड़ी खराब थी, जिसके बाद उन्होंने डॉक्टर के निर्देश पर कोरोना टेस्ट करवाया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल कांग्रेस विधायक डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करवा रही हैं। उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से भी कोरोना टेस्ट करवाने की अपील की है।

 

इन दिनों विधानसभा का बजट सत्र भी जारी है। विजय लक्ष्मी साधौ मंगलवार को विधानसभा में मौजूद थीं। उन्होंने सदन की कार्यवाही में भाग लिया था। उन्होंने अपनी पार्टी के विधायकों के साथ एससी-एसटी छात्रवृत्ति में कटौती के विरोध में सदन से वॉकआउट भी किया। इस दौरान उनके साथ बाला बच्चन,गोविंद सिंह, लक्ष्मण सिंह, फुंदेलाल मार्को भी मौजूद थे। विजयलक्ष्मी साधौ के संपर्क में आए लोगों को कोरोना टेस्ट करवाने की सलाह दी जा रही है।

 

मध्य प्रदेश के कई विधायक और मंत्री कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी, जयवर्धन सिंह, पीसी शर्मा, लक्ष्मण सिंह, प्रियव्रत सिंह, सुनीता पटेल, योगेंद्र सिंह, लाखन सिंह यादव, सिद्धार्थ कुशवाह, राकेश मावई, गोवर्धन दांगी और वहीं बीजेपी विधायक धर्मेंद्र लोधी, नागेंद्र सिंह, सीताराम आदिवासी, राजश्री सिंह और मालिनी गौड़ को कोरोना का इंफेक्शन हो चुका है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह समेत कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, अरविंद भदौरिया, प्रभुराम चौधरी, तुलसी सिलावट, कमल पटेल, ओमप्रकाश सकलेचा, गोपाल भार्गव और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना वैक्सीनेशन शुरू होने के बाद से कई मंत्री और विधायक वैक्सीन ले चुके हैं। बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, मंत्री कमल पटेल, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है।

मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 2,66,043 तक पहुंच गया है। जिनमें से 2,58,251 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक कोरोना के कारण 3877 लोगों की मौत हो चुकी है।