MP में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का चौथा दिन, उज्जैन में महाकाल दर्शन और रोड शो करेंगे राहुल गांधी

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि राहुल गांधी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे इसके बाद शहर में रोड शो करेंगे। वे उज्जैन से 30 किमी दूर इंगोरिया में रात्रि विश्राग करेंगे।

Updated: Mar 05, 2024, 09:52 AM IST

उज्जैन। कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों मध्य प्रदेश में है। राज्य में यात्रा का आज चौथा दिन है। राहुल गांधी की अगुवाई में यात्रा आज उज्जैन पहुंचेगी। राहुल गांधी यहां महाकालेश्वर का दर्शन करेंगे और शहर में रोड शो भी करेंगे।

मंगलवार को यात्रा ब्यावरा से शुरू होकर पचोर पहुंचेगी। यहां से सारंगपुर में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद 11:30 बजे यात्रा शाजापुर जिले में प्रवेश कर जाएगी। यहां रोड शो के बाद दोपहर 12 बजे मक्सी में स्वागत होगा। 

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे शाजापुर के मक्सी में विद्या संस्कार इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में लंच होगा। यहां राहुल गांधी परीक्षार्थियों से संवाद भी करेंगे और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी होगी। इसके बाद यात्रा कायथा, विजयगंज मंडी और मक्सी होते हुए उज्जैन पहुंचेगी।

शाम को यात्रा उज्जैन पहुंचेगी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि राहुल यहां बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे। उज्जैन में महाकाल दर्शन के बाद राहुल रोड शो करेंगे। रोड शो महाकाल चौराहा से गुदरी, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा, सतीगेट, कंठाल, नई सड़क, दौलतगंज, मालीपुरा होते हुए देवास गेट चौराहा पहुंचेगा। यहां राहुल की सभा होगी। राहुल उज्जैन से 30 किमी दूर इंगोरिया में रात्रि विश्राग करेंगे।

इसके पहले राहुल गांधी सोमवार रात राजगढ़ में किसान महापंचायत में शामिल हुए। महापंचायत में किसानों ने राहुल के सामने अपनी परेशानियां बताईं और मांगें रखीं। MSP और कर्ज माफी पर चर्चा हुई। राहुल ने किसानों से कहा कि किसान व किसान संगठन के लिए कांग्रेस का दरवाजा हमेशा खुला रहेगा। जब हम सत्ता में आएंगे तो अग्निपथ योजना का भी विश्लेषण करेंगे और जो बदलाव लाना है वो लाएंगे।