भारत जोड़ो यात्रा को लेकर इंदौर में कांग्रेस की अहम बैठक, दिग्विजय सिंह ने मालवा-निमाड़ के लोगों से की खास अपील

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर इंदौर में दिग्विजय सिंह ने ली कांग्रेस नेताओं की बैठक, प्रेस वार्ता में सुमित्रा महाजन की तारीफ करते दिखे पूर्व सीएम, राष्ट्रपति मुर्मू से मांगा समय

Updated: Nov 15, 2022, 09:30 AM IST

इंदौर। भारत जोड़ो यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह इंदौर प्रवास पर है। सिंह ने मंगलवार को यहां कांग्रेस नेताओं की बैठक ली और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इंदौर में प्रेस से बात करते हुए दिग्विजय ने जहां सुमित्रा महाजन की तारीफ की तो वहीं केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला भी बोला।

पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के दिए बयान पर आभार माना है। दरअसल, ताई ने भारत जोड़ो यात्रा की प्रशंसा की थी। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने RSS पर निशाना साधा है। सिंह ने कहा कि कोरोना काल में आरएसएस ने 7 करोड़ रुपए कहां से खर्च किया। इस पर मनी लांड्रिंग का केस दर्ज होना चाहिए। इस संबंध में मैंने वित्तमंत्री को भी पत्र लिखा है।

यह भी पढ़ें: 74वें दिन मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा, 27 नवंबर को महू जाएंगे राहुल गांधी, यहां देखें पूरा शेड्यूल 

दिग्विजय सिंह ने इस दौरान कहा कि मुझे आरएसएस के लोग कहते हैं हमारे पीछे क्यों पड़े हो मोदी के खिलाफ बोलिए। उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू के एमपी दौरे को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि, 'अनुसूचित जाति के रामनाथ कोविंद जब राष्ट्रपति थे, तब उनके कार्यकाल में अनुसूचित जाति के लिए कौन से अच्छे कानून बन गए ये हमें बताएं। आज आदिवासी समाज की द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति हैं ये अच्छी बात है। लेकिन क्या द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश में आदिवासियों के साथ हो रहे अत्याचार पर बोलेंगी?'

दिग्विजय सिंह ने पन्ना, टीकमगढ़ में दबंगों द्वारा आदिवासियों की जमीन कब्जाने और बैतूल की आदिवासी महिला के साथ बुधनी में हुए दुर्व्यवहार का उदाहरण देते हुए कहा कि क्या राष्ट्रपति मुर्मू पीड़ित आदिवासियों की मदद करेंगी। उन्होंने कहा, 'मैं राष्ट्रपति से मिलने का समय चाहता हूं। राष्ट्रपति कांग्रेस डेलिगेशन को मुलाकात का समय दें। हम उन्हें पचास उदाहरण बताएंगे जहां आदिवासियों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। प्रदेश आदिवासी उत्पीड़न में नंबर वन है। हम चाहते हैं कि महामहिम आदिवासी समुदाय के लोगों की आवाज उठाएं।'

कांग्रेस पार्टी में संभावित टूट को लेकर पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि, 'मुझे भी ऐसी जानकारी मिली है। इंदौर के एक उद्योगपति की अमित शाह से मुलाकात भी हुई है। हमें सारी जानकारी है। जिनके पास लूट का पैसा है, वो खरीद फरोख्त करें। कांग्रेस जनमत का सौदा नहीं करती।' हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी में जो बिकाऊ थे वह बिक गए और जो टिकाऊ थे वह टिके हुए हैं।

दिग्विजय सिंह ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर निमाड़ और मालवा के लोगों से अपील की है की वे बढ़ चढ़कर इस ऐतिहासिक यात्रा में हिस्सा लें। बता दें कि 20 नवंबर को यह यात्रा बुरहानपुर के रास्ते इंदौर पहुंचेगी। इंदौर में यात्रा के बीच में एक दिन का विश्राम भी है। ऐसे में यहां कांग्रेस विशेष तैयारियां कर रही है। इसी सिलसिले में सिंह ने मंगलवार को बैठक ली जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक संजय शुक्ला, सचिन यादव व अन्य नेता मौजूद रहे।