इंदौर: नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए टैक्स के विरोध में कांग्रेस ने निकाली जनजागरण यात्रा, सिलावट ने किया वापसी का एलान
नगर निगम के चौगुने टैक्स वसूली के विरोध में उतरी कांग्रेस, बीजेपी के नेता भी हैं नगर निगम के फैसले के विरोध में

इंदौर। इंदौर नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए टैक्स के विरोध में आज कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कांग्रेस ने खिलाफ में आज जनजागरण यात्रा निकाली, जिसकी शुरूआत बड़े गणपति से हुई। इसके बाद कांग्रेस पार्टी की यह जनजागरण यात्रा जिंसी, इमलीबाज़ार, परदेसीपुरा होते हुए मालवा मील पर पहुंची। कांग्रेस की इस जनजागरण यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस नेता संजय शुक्ला ने किया। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे जीतू पटवारी भी इस यात्रा में शामिल रहे।
इंदौर नगर निगम द्वारा लादे गए चौगुना टैक्स के विरोध में शहर कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित जन जागरण यात्रा में सम्मिलित हुआ..। pic.twitter.com/GbNHEMaT6U
— Jitu Patwari (@jitupatwari) April 1, 2021
पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने कांग्रेस की जनजागरण यात्रा की तस्वीरों को अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए लिखा, 'इंदौर नगर निगम द्वारा लादे गए चौगुना टैक्स के विरोध में शहर कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित जन जागरण यात्रा में सम्मिलित हुआ।' कांग्रेस के विरोध को देखते हुए जल संसाधन मंत्री और सांवेर से बीजेपी विधायक तुलसीराम सिलावट ने इंदौर नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए करों को स्थगित करने की बात कही है। नगर निगम के फैसले के चौतरफा विरोध को देखते हुए तुलसी सिलावट ने कहा है कि फिलहाल नगरीय टैक्स में किसी भी तरह की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 8.80 करोड़ में सरकारी प्रॉपर्टी बेचेगी शिवराज सरकार, कैबिनेट बैठक में लिया गया निर्णय
दरअसल यह सारा विरोध इंदौर नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए टैक्स के कारण हो रहा है। इंदौर नगर निगम ने शहर में कचरा प्रबंधन कर और जलकर में वृद्धि की है। जो कि आज यानि एक अप्रैल से लागू होना था। इस वृद्धि के कारण लोगों को प्रति माह 260 रुपए कचरा संग्रहण शुल्क के तौर पर देने होंगे। इसके साथ ही जलकर के नाम पर भी इंदौर नगर निगम ने दोगुनी बढ़ोतरी की है। पहले जहाँ आधा इंच नल कनेक्शन वाले लोगों को जहाँ जलकर के नाम पर 200 रुपए प्रति माह का भुगतान करना होता था। वहीं अब लोगों को जलकर के नाम पर हर महीने 400 रुपए का भुगतान करना होगा। जलकर में हुई वृद्धि का कारण सीवरेज चार्ज को बताया जा रहा है। जलकर राशि का 60 फीसदी हिस्सा सीवरेज चार्ज के रूप में वसूला जा रहा है। मसलन, नए आदेश से पहले इंदौर में रहने वाला जो व्यक्ति सेवाओं के उपयोग के लिए प्रतिमाह 350 रुपए का भुगतान किया करता था, अब उसे टैक्स वृद्धि के बाद प्रतिमाह 940 रुपए का भुगतान करना होगा।
दूसरी तरफ बीजेपी के नेता भी इंदौर नगर निगम द्वारा की गई टैक्स वृद्धि का विरोध कर रहे हैं। स्थानीय विधायक और पूर्व विधायक मालिनी गौड़ भी इंदौर नगर निगम द्वारा किए गए टैक्स वृद्धि के खिलाफ मुख्यमंत्री को एक शिकायत पत्र लिख चुकी हैं।