Indore : गृह मंत्री Amit Shah का नकली निजी सचिव गिरफ्तार
Crime in MP : दो आरटीओ अफसरों के तबादले करवाने के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को लगाया था फोन

इंदौर। मध्यप्रदेश की इंदौर पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के फर्ज़ी निजी सचिव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 16 जुलाई को ग्वालटोली इलाके से अभिषेक द्विवेदी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को शाह का निजी सचिव बताता था। दिल्ली क्राइम ब्रांच को लंबे समय से द्विवेदी की तलाश थी।
दिल्ली पुलिस को उसकी लोकेशन इंदौर के ग्वालटोली इलाके में मिली थीं जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने इंदौर पुलिस से समन्वय स्थापित कर द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक दिल्ली क्राइम ब्रांच ने द्विवेदी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
केंद्रीय मंत्री गडकरी को लगाया था फोन
दरअसल, अभिषेक ने खुद को भारत सरकार में मौजूदा गृहमंत्री अमित शाह का निजी सचिव बताते हुए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को फोन लगाया था। फोन पर उसने मध्यप्रदेश के दो आरटीओ अफसरों के तबादले करने को कहा था। इसके लिए बाकायदा उसने आईएएस कैडर के निजी सचिव का नाम इस्तेमाल कर गडकरी को कॉल किया था। फिलहाल अभिषेक इंदौर पुलिस के गिरफ्त में है। कोर्ट से आदेश मिलने के बाद उसे दिल्ली पुलिस को दे दिया जाएगा। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच अब यह जानने की कोशिश करेगी कि आरोपी ने ऐसे और कितने कांड किए हैं।