जबलपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट को दी चेतवानी, चाकू बेचना बंद करो नहीं तो अपराध के मामलों में बनाएंगे सह आरोपी

फ्लिपकार्ट को जबलपुर पुलिस ने हत्या के मामले में पत्र भेजा है, पुलिस को विकास मराठा मर्डर केस में पता चला है कि हत्या के आरोपियों ने ऑनलाइन पोर्टल से चाकू खरीदा था, जिसके बाद जबलपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट को पत्र भेजकर हालिया दिनों में चाकू खरीदने वाले लोगों की सूची मांगी है

Publish: Aug 03, 2021, 09:29 AM IST

जबलपुर। हत्या के एक मामले में जबलपुर पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल फ्लिपकार्ट को चेतावनी दी है। जबलपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट को अपने पोर्टल पर चाकू न बेचने की हिदायत दी है। एक हिंदी अखबार के मुताबिक जबलपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट को पत्र भेजकर कहा है कि अगर शॉपिंग पोर्टल ने चाकू बेचना बंद नहीं किया तो हत्या के मामले में जबलपुर पुलिस फ्लिपकार्ट को भी सह आरोपी बनाएगी। 

हाल ही में जबलपुर में विकास मराठा नामक एक व्यक्ति की हत्या के मामले में जांच करते हुए यह पाया है कि हत्या के आरोपियों ने मृतक की चाकू से हत्या करने से पहले चाकू फ्लिपकार्ट से ही खरीदा था। जिसके बाद जबलपुर पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल को चेतावनी दी है। इसके साथ ही जबलपुर पुलिस ने फ्लिपकार्ट से ऐसे लोगों की सूची भी मांगी है, जिन्होंने हाल ही के में ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल से चाकू की खरीद की है।

दरअसल पुलिस रिकॉर्ड में यह बात निकलकर सामने आई है कि बीते 6 महीनों में 12 हत्याएं ऐसी हुई हैं, जिसमें किसी की हत्या करने के लिए चाकू को इस्तेमाल में लाया गया है। इनमें ज्यादातर मामले ऐसे आए हैं, जिसमें आरोपियों ने ऑनलाइन शॉपिंग पोर्टल से चाकू खरीदा था।

जबलपुर पुलिस ने इस समय चाकूबाजों को पकड़ने के लिए शहर में अभियान छेड़ रखा है। जबलपुर में देर रात तक संदिग्धों को पकड़ कर उनकी तलाशी ली जा रही है। जबलपुर पुलिस खास तौर पर उन जगहों को लेकर अलर्ट मोड पर है जहां अमूमन चाकू से हमले किए जाते हैं। दमोह नाका भी ऐसी जगहों में से एक है। 

पुलिस ने जिस विकास मराठा हत्या मामले के संबंध में फ्लिपकार्ट को पत्र भेजा है। उसकी हत्या भी दमोह नाका पर ही हुई थी। बीते एक अगस्त को विकास मराठा नामक एक व्यक्ति अपने किसी परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर दमोह नाका की तरफ जा रहा था। यात्रा के दौरान उसकी बाइक किसी दंपत्ति की कार से टकरा गई। हादसा होते ही विकास मराठा तेज रफ्तार में दमोह नाका पहुंचा।

लेकिन दमोह नाका पर अपने पिता के साथ की गई मारपीट का रंजिश पाले दो युवक आनंद और अनिकेत, वहां पहले से ही विकास का इंतजार कर रहे थे। विकास के वहां पहुंचते ही उस पर चाकूओं से वार शुरू कर दिया। विकास को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया गया। अपना बदला पूरा करने के बाद दोनों जब चाकू लहरा रहे थे, तभी डायल हंड्रेड में सवार पुलिसकर्मी रविशंकर शुक्ला ने ड्राइवर की सहायता से दोनों को हिरासत में ले लिया। 

जांच के दौरान पता चला कि विकास मराठा का खुद भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा था। उसके खिलाफ 14 आपराधिक मामले दर्ज थे। आरोपियों और विकास मराठा के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। पिछले साल विकास मराठा ने दोनों के पिता के साथ मारपीट भी की थी। जिसके बाद से ही दोनों अपने पिता की पिटाई का बदला लेने की फिराक में थे।